GovernmentPolitics

Mumbai Rains: मुंबई में भारी बारिश से 7 लोगों की मौत, जगह-जगह कमर तक भरा पानी, स्कूल-कॉलेज बंद, फ्लाइट्स पर भी असर

Mumbai Rains: मुंबई में मौत वाली बारिश हो रही है। जी हां… मुंबई में भारी बारिश से 7 लोगों की मौत हो चुकी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुष्टि की कि अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण स्थिति ये है कि मुंबई की सड़कों पर सैलाब है, इतना पानी भरा हुआ है कि गाड़ियां जहां-तहां फंस गई है। स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। भारी बारिश का असर फ्लाइट्स पर भी पड़ा है। कई फ्लाइट्स डिरेल है।

इधर आईएमडी ने ठाणे और पालघर जिलों में 18–19 अगस्त के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके चलते स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित की गई है। वहीं, नांदेड़ जिले में 200 से अधिक लोग फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए सेना को बुलाना पड़ा।

कभी न थमने वाले शहर की रफ्तार पानी ने रोक दी है, स्थिति ये है कि मुंबई की सड़कों पर सैलाब है, इतना पानी भरा हुआ है कि गाड़ियां जहां-तहां फंस गई है। अपनी चमक धमक पर इतराने वाला शहर पानी की मार से बिलख रहा है और ये पहली बार नहीं है, मुंबई में हर साल बारिश होती है और हर साल मुंबई इसी परेशानी से जूझती है। मुंबई के अंधेरी सबवे में तेज़ बारिश के बाद पानी भर गया है, जिसके चलते अंधेरी सबवे को बंद कर दिया गया है। मुंबई में लगातार बारिश के कारण जलभराव से प्रभावित चेंबूर के एक अस्पताल में भर्ती होने वालों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। कई लोगों को अपने बीमार परिजनों को पीठ पर लादकर बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) द्वारा संचालित माँ जनरल अस्पताल तक पहुँचने के लिए जाते देखा गया।

कई उड़ानें प्रभावित

 

मुंबई में खराब मौसम के कारण कई उड़ानें भी प्रभावित रहीं. एयरपोर्ट तक जाने वाले कई रास्तों पर अब भी जलभराव है, जिससे यातायात धीमा पड़ गया है। इंडिगो के मुताबिक, बारिश के चलते अराइवल और डिपार्चर दोनों में देरी हो रही है। इंडिगो ने यात्रा करने वाले लोगों को थोड़ा पहले निकलने और ऐप या वेबसाइट के माध्यम से अपनी उड़ान की स्थिति पर नज़र रखने की सलाह दी है।

फसल बर्बाद, 800 गांव प्रभावित

फडणवीस ने मंत्रालय स्थित आपातकालीन केंद्र से हालात की समीक्षा करते हुए बताया कि रत्नागिरी, रायगढ़ और हिंगोली जिलों में भी भारी बारिश हुई है। विदर्भ क्षेत्र में लगभग दो लाख हेक्टेयर से अधिक फसल बर्बाद हुई और 800 गांव प्रभावित हुए। मुंबई में 8 घंटे में 170 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे 14 जगहों पर जलभराव हुआ, हालांकि केवल दो स्थानों पर ही यातायात बाधित हुआ। उन्होंने कहा कि अगले 10–12 घंटे बेहद अहम हैं और स्थानीय निकायों को छुट्टियां घोषित करने का अधिकार दिया गया है। मराठवाड़ा क्षेत्र में पिछले पांच दिनों में छह लोगों की मौत और 205 पशुधन की हानि की खबर है।

आदित्य ठाकरे ने BMC और सरकार पर उठाए सवाल

 

बारिश और जलभराव के बीच शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने बीएमसी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक घोटाले के चलते मुंबई की सड़कों की हालत खराब है और बारिश में जनता परेशान हो रही है। ठाकरे ने आरोप लगाया कि चुनाव न होने की वजह से तीन साल से बीएमसी पर राज्य सरकार का नियंत्रण है और जवाबदेही का अभाव बना हुआ है। वहीं मुख्यमंत्री ने जनता को भरोसा दिलाया कि सभी एजेंसियां मिलकर स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं और बचाव कार्य जारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button