Blog

Naxal Encounter : जवानों को मिली बड़ी सफलता, 17 लाख के इनामी दो महिला समेत 4 माओवादी ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Naxal Encounter Update: जवानों को मिली बड़ी सफलता, 17 लाख के इनामी दो महिला समेत 4 माओवादी ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद
Naxal Encounter  : बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुए मुठभेड़ में जवानों को बड़ी सफलता मिली। मुठभेड़ में मारे गए दो महिला समेत 4 नक्सली दक्षिण सब जोनल ब्यूरो के सक्रिय सदस्य थे और इन पर कुल 17 लाख रुपये का इनाम घोषित था। घटनास्थल से सुरक्षाबलों ने बड़ी संख्या में हथियार, विस्फोटक और नक्सल सामग्री भी बरामद की है।

ऐसे हुआ मुठभेड़

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव ने बताया कि बासागुड़ा और गंगालूर थाना क्षेत्रों की सीमा पर माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर डीआरजी बीजापुर की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान 26 जुलाई की शाम को पुलिस बल और माओवादियों के बीच शुरू हुई मुठभेड़ देर शाम तक रुक-रुक कर चलती रही। मुठभेड़ समाप्त होने के बाद क्षेत्र की जब तलाशी ली गई, तब चार माओवादियों के शव बरामद हुए।

मारे गए माओवादियों की पहचान

बीजापुर पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पहचान में जिन माओवादियों के शव मिले हैं, उनके नाम और भूमिकाएं इस प्रकार हैं:

हुंगा (एसीएम, प्लाटून-10, दक्षिण सब जोनल ब्यूरो) – 5 लाख रुपये का इनामी

लक्खे (एसीएम, प्लाटून-30, दक्षिण सब जोनल ब्यूरो) – 5 लाख रुपये का इनामी

भीमे (एसीएम, डीएसजेडबी) – 5 लाख रुपये का इनामी

निहाल ऊर्फ राहुल (पार्टी सदस्य) – 2 लाख रुपये का इनामी, ब्यूरो कम्युनिकेशन टीम हेड संतोष का गार्ड

मुठभेड़ स्थल से बरामद हथियार और सामग्री

मुठभेड़ स्थल की तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद हुई। इनमें एक SLR राइफल के साथ तीन मैग्जीन और 15 जिंदा राउंड, एक इंसास राइफल के साथ तीन मैग्जीन और 40 जिंदा राउंड, एक 303 रायफल के साथ एक मैग्जीन और 16 राउंड, एक बीजीएल लांचर (सुरखा) के साथ तीन नग सेल, एक सिंगल शॉट 315 बोर रायफल, एक 12 बोर बंदूक और उसके 12 जिंदा सेल शामिल हैं। इसके अलावा, एके-47 के आठ जिंदा राउंड, एक ग्रेनेड, बीजीएल के छोटे सेल, दैनिक उपयोग की सामग्री और बड़ी मात्रा में नक्सली साहित्य भी बरामद किया गया है।

19 महीनों में अब तक 425 हार्डकोर नक्सली ढेर

पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. ने बताया कि वर्ष 2024 में मिली निर्णायक बढ़त को आगे बढ़ाते हुए, वर्ष 2025 में भी बस्तर संभाग में प्रतिबंधित एवं गैरकानूनी सीपीआई (माओवादी) संगठन के विरुद्ध सुरक्षा बलों द्वारा सघन और निरंतर अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों के तहत पिछले 19 महीनों (जनवरी 2024 से जुलाई 2025) में 425 हार्डकोर माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं, जो सुरक्षा तंत्र की प्रभावी रणनीति, साहसिक कार्रवाई और जनसमर्थन का प्रतीक है।

पुलिस महानिरीक्षक ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि मानसून की कठिन परिस्थितियां लगातार वर्षा, दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाके और जोखिमभरे रास्ते भी सुरक्षा बलों के जोश और प्रतिबद्धता को डिगा नहीं पाई हैं। सभी बल कठिन भौगोलिक और मौसमीय चुनौतियों के बावजूद पूरे समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।

    Related Articles

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    Back to top button