October 13, 2026

CG Weather : छत्तीसगढ़ को मानसून ने कहा ‘अलविदा’, अब अगले 5 दिन तक ऐसा रहेगा मौसम

0

CG Weather : रायपुर. छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की अधिकृत तौर पर विदाई की घोषणा कर दी गई है. बारिश का सीजन खत्म होने के बाद बादलों की गतिविधि प्रदेश में कम हो रही. रायपुर में सुबह के वक्त हवा में ठंडक घुलने लगी है. इस बीच मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक एक-दो स्थानों पर बादल गरजने के साथ तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना जताई है.

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में आज 13 अक्टूबर को मौसम साफ रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और रात में तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं. यानी बीते दिनों के मुकाबले दिन में तेज धूप के कारण लगने वाली गर्मी से कुछ राहत की उम्मीद है.

पिछले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहा

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहा. रायपुर में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ी, यहां तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया.

हल्की बारिश और बिजली गिरने के बने आसार

मौसम विभाग ने प्रदेश में आज एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है. वहीं कुछ जगहों पर बादल गरजने-चमकने के साथ बिजली गिरने और 40-50 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर चेतावनी दी है. अगले दो दिनों में इसी तरह की मौसमी गतिविधियां जारी रह सकती हैं.

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में बदलाव के लिए राज्य में वातावरण में नमी की मात्रा कम होने और हवा की दिशा उत्तर-पूर्व होने का इंतजार करना होगा.

मौसमी सिस्टम

वर्तमान में उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से उत्तरी ओडिशा, झारखंड और दक्षिण-पश्चिम बिहार होते हए एक  द्रोणिका अभी भी बनी हुई है. वहीं उत्तर प्रदेश और उसके आस-पास के इलाकों में बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *