November 27, 2026

रोहित शर्मा फिर बने मुंबई इंडियंस के कप्तान, 3 साल बाद संभालेंगे टीम की कमान

0

Rohit Sharma MI New Captain: मुंबई इंडियंस ने IPL 2027 से पहले बड़ा ऐलान करते हुए रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम का कप्तान बना दिया है। करीब तीन साल बाद रोहित कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह हार्दिक पंड्या की जगह लेंगे, जिन्हें ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स (PBKS) में शामिल किया गया है। रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के सबसे सफल कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने पांच बार IPL का खिताब अपने नाम किया है। वहीं तिलक वर्मा को टीम का उप-कप्तान बनाए जाने की भी संभावना है।

रोहित शर्मा 2013 से 2023 तक मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 11 सीजन में टीम का नेतृत्व किया और IPL 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब दिलाया। इसके अलावा उनकी कप्तानी में मुंबई ने 2013 में चैंपियंस लीग T20 का खिताब भी जीता था।

पंड्या की कप्तानी में मुंबई का प्रदर्शन रहा निराशाजनक

हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का पिछला प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। टीम पिछले तीन सीजन में सिर्फ एक बार प्लेऑफ में जगह बना सकी। IPL 2026 में मुंबई ने 14 लीग मुकाबलों में से केवल चार में जीत दर्ज की और 10 टीमों की अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही। इसके बाद टीम मैनेजमेंट ने नेतृत्व में बदलाव का फैसला लिया।

हार्दिक पंजाब पहुंचे, अर्शदीप मुंबई इंडियंस में शामिल

IPL 2027 के लिए मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड के जरिए भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को अपनी टीम में शामिल किया है। अर्शदीप 18 करोड़ रुपये की फीस पर मुंबई से जुड़ेंगे। वहीं, हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स का हिस्सा बन गए हैं। उनकी नई फीस 18 करोड़ रुपये तय की गई है, जो पहले 16.35 करोड़ रुपये थी।

2013 में पहली बार मिली कप्तानी, पहले ही सीजन में दिलाया खिताब

रोहित शर्मा को IPL 2013 के बीच में मुंबई इंडियंस की कप्तानी सौंपी गई थी। उस समय ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग टीम की कमान संभाल रहे थे। शुरुआती छह मुकाबलों में मुंबई को तीन जीत मिली थीं। वहीं, पोंटिंग का बल्ला भी नहीं चल रहा था। ऐसे में उन्होंने खुद को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने का फैसला किया और कप्तानी छोड़ दी।

उस समय मुंबई की टीम में सचिन तेंदुलकर और हरभजन सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी मौजूद थे, जो पहले कप्तानी कर चुके थे। इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए युवा रोहित शर्मा को टीम की जिम्मेदारी सौंपी।

रोहित ने 24 अप्रैल 2013 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहली बार मुंबई इंडियंस की कप्तानी की। खास बात यह रही कि उसी सीजन उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को पहला IPL खिताब दिलाया। इसके बाद मुंबई ने रोहित की अगुवाई में चार और बार ट्रॉफी अपने नाम की।

मुंबई को फिर चैंपियन बना पाएंगे रोहित?

रोहित शर्मा की कप्तानी में वापसी के साथ मुंबई इंडियंस को एक बार फिर खिताब का प्रबल दावेदार बनाने की कोशिश होगी। अब देखना होगा कि पांच बार टीम को चैंपियन बना चुके रोहित अपने दूसरे कप्तानी कार्यकाल में कैसा प्रदर्शन करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed