CG Weather : मानसून की टकटकी के बीच बढ़ी तपिश, रायपुर में पारा पहुंचा 40 डिग्री

CG Weather : रायपुर. छत्तीसगढ़ में प्री मानसून की गतिविधि तो जारी है, मगर बारिश का दायरा सिमट गया है. मुंगेली, कवर्धा समेत कुछ इलाकों में हल्की से माध्यम पानी गिरा, लेकिन अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहा और पारा चढ़ने लगा. इससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा. जगदलपुर और रायपुर के आसपास के इलाकों में 1 से 3 डिग्री तक तापमान में वृद्धि हुई है. मानसून अभी भी दहलीज पर अटका हुआ है.

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया. रायपुर का तापमान 40 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है. मुंगेली में 5 सेमी और कवर्धा में 1 सेमी वर्षा हुई.

CG Weather : सिनोप्टिक सिस्टम

फिलहाल पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पूर्व राजस्थान, उत्तर मध्य प्रदेश, दक्षिण उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से होते हुए गंगीय पश्चिम बंगाल तक समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका बनी हुई है. मध्य उत्तर प्रदेश से पश्चिम मध्य प्रदेश से होते हुए उत्तर मध्य महाराष्ट्र तक समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक द्रोणिका बनी हुई है.

50 किमी रफ्तार से चलेगी तेज हवाएं

प्रदेश में आज एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, गरज चमक के साथ वज्रपात और 50 किमी रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी गई है. दो दिन बाद भी इसी तरह मौसम रहने का अनुमान है.

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम ?

रायपुर और आसपास के इलाकों में आज फिर बादल छा सकते हैं. बारिश और बादल गरजने की स्थिति बन सकती है. दिन में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और रात को 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *