ChhattisgarhGovernmentPolitics

CG News : NSUI ने टोल प्लाजा पर किया जमकर प्रदर्शन, छात्र हित और स्थानीय रोजगार को लेकर दिया धरना

CG News : NSUI ने टोल प्लाजा पर किया जमकर प्रदर्शन, छात्र हित और स्थानीय रोजगार को लेकर दिया धरना
रायपुर। राजधानी रायपुर से सटे तरपोंगी टोल प्लाजा पर आज NSUI रायपुर जिला इकाई ने प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय की मौजूदगी में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र कार्यकर्ता और पदाधिकारी चार सूत्रीय मांगों को लेकर टोल प्लाजा के सामने एकजुट हुए और टोल का घेराव किया।
 इस प्रदर्शन में NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय की मौजूदगी रही, जबकि नेतृत्व जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी ने किया। सैकड़ों की संख्या में छात्र कार्यकर्ता, पदाधिकारी और युवा इस आंदोलन में शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें:

  1. CG 04 पासिंग वाहनों से टोल टैक्स समाप्त किया जाए, जिले की सीमाओं पर टोल लगाना अन्यायपूर्ण है। स्थानीय नागरिकों पर यह आर्थिक बोझ गैरवाजिब है और इसे तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए।
  2. छात्रों के लिए “स्टूडेंट टोल पास” की व्यवस्था की जाए, प्रतिदिन रायपुर आकर पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए कोई विशेष व्यवस्था नहीं है। NSUI ने मांग की कि विद्यार्थियों के लिए टोल टैक्स पूरी तरह माफ किया जाए या रियायती “स्टूडेंट पास” की व्यवस्था हो, जिससे वे शिक्षा के लिए निर्बाध आवागमन कर सकें।
  3. टोल प्लाजा कर्मचारियों द्वारा यात्रियों से दुर्व्यवहार रोका जाए, कई बार टोल कर्मचारियों द्वारा आम नागरिकों, खासकर वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें आई हैं। NSUI ने मांग की कि टोल स्टाफ को व्यवहार-कुशलता का प्रशिक्षण दिया जाए और किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाए।
  4. स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए, टोल प्लाजा में बाहरी लोगों को नौकरी पर रखा जा रहा है जबकि आसपास के स्थानीय युवाओं को रोजगार से वंचित किया जा रहा है। NSUI की मांग है कि टोल प्लाजा में प्राथमिकता स्थानीय बेरोजगार युवाओं को मिले।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि यह सिर्फ टोल टैक्स की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह आवाज़ है उन छात्रों की जो रोज़ पढ़ाई के लिए सफर करते हैं, उन नागरिकों की जो अपने ही शहर में दोहरी मार झेल रहे हैं, और उन युवाओं की जिन्हें उनके ही क्षेत्र में नौकरी नहीं मिल रही। NSUI जनहित के इन मुद्दों को लेकर संकल्पबद्ध है और जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।

जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी ने अपने वक्तव्य में कहा कि छात्रों, युवाओं और आम जनता के हक की यह लड़ाई अब थमेगी नहीं। शासन-प्रशासन को यह समझना होगा कि युवाओं की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। अगर मांगें नहीं मानी गईं, तो हम और भी उग्र आंदोलन करेंगे।

NSUI ने स्पष्ट किया कि अगर जल्द ही इन चार सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है, तो यह आंदोलन जिले के अन्य हिस्सों में भी फैलाया जाएगा। साथ ही प्रदेश स्तर पर भी इसके लिए व्यापक रणनीति बनाई जाएगी।

प्रदर्शन में NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, उपाध्यक्ष अमित शर्मा, महामंत्री हेमंत पाल, जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी, राजा देवांगन, विशाल कुकरेजा, कुणाल दूबे, विकास राजपूताना, हरिओम तिवारी, शिवांक सिंह, प्रशांत चंद्राकर, वैभव मुजेवार, श्रेयांश परघनीया, संयम सिंह, अंकित शर्मा, आलोक सिंह, भूपेंद्र, सत्यदास, प्रिंस अन्य शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button