CG News : किसानों का बड़ा प्रदर्शन ,खाद संकट और महंगाई से आक्रोशित किसान सैंकड़ों ट्रैक्टरों के साथ सड़क पर उतरे, चक्काजाम कर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

 राजिम। गरियाबंद जिले में खाद संकट, महंगाई और किसानों की उपेक्षा के खिलाफ शुक्रवार को राजिम में किसानों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में हजारों किसान ट्रैक्टरों के साथ सड़कों पर उतर आए और शक्ति प्रदर्शन करते हुए राजिम नगर को पूरी तरह आंदोलनमय बना दिया। विशाल ट्रैक्टर रैली के बाद पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक पर चक्काजाम कर किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर हुंकार भरी।

कई किलोमीटर तक नजर आया ट्रैक्टरों का काफिला

कृषि उपज मंडी से शुरू हुई रैली में किसानों के ट्रैक्टरों का लंबा काफिला कई किलोमीटर तक नजर आया। हाथों में तख्तियां और झंडे लिए किसान खाद की किल्लत, बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम, खाद की कालाबाजारी और एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग को लेकर नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शन के दौरान पूरे नगर में किसानों की आवाज गूंजती रही।

वहीं सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक एवं प्रथम पंचायत मंत्री अमितेष शुक्ल ने कहा कि सरकार किसानों को खाद तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। बुवाई के महत्वपूर्ण समय में किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं, जबकि कालाबाजारी करने वाले खुलेआम लाभ कमा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान विरोधी नीतियों के कारण खेती लगातार घाटे का सौदा बनती जा रही है।

मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को बढ़ाने की चेतावनी

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू, किसान नेता तेजराम विद्रोही सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने कहा कि यदि किसानों की मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को जिला स्तर से प्रदेश स्तर तक विस्तार दिया जाएगा।

चक्काजाम से यातायात हुआ प्रभावित

चक्काजाम के चलते राजिम के प्रमुख मार्गों पर घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की विशेष तैनाती की गई थी। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन किसानों के तेवर काफी आक्रामक नजर आए।

किसानों ने चेतावनी दी कि खाद संकट और कृषि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *