रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
इस कैबिनेट बैठक में आगामी मानसून सत्र, खरीफ सीजन की तैयारियों और राज्य की नई ट्रांसफर पॉलिसी समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर भी मंत्रिपरिषद की मुहर लगने की संभावना है।
पिछली साय कैबिनेट की बैठक में लिए गए थे कई बड़े फैसले
इससे पहले 9 जून को हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। इनमें छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के आईपीओ को सैद्धांतिक मंजूरी, धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की सहायता, राशन हितग्राहियों को चना वितरण जारी रखने, योग को चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन लाने और रायपुर समेत चार शहरों में 240 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का रास्ता साफ करने जैसे फैसले शामिल थे।
इसके अलावा नवा रायपुर में भूमि खरीद पर स्टाम्प ड्यूटी छूट की अवधि बढ़ाने और खनिज परिवहन में आरएफआईडी एवं वाहन ट्रैकिंग सिस्टम को अनिवार्य बनाने जैसे अहम निर्णय भी लिए गए थे। अब सभी की नजरें साय कैबिनेट की इस बैठक पर टिकी हैं।
