November 17, 2026

रायपुर में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, कचरे के ढेर के बीच स्वच्छता का दावा करने वाले अफसरों का किया सम्मान, शहर की सफाई को लेकर उठाए सवाल

0

 रायपुर। राजधानी रायपुर में स्वच्छता सर्वेक्षण और स्वच्छता अवार्ड को लेकर सियासत गरमा गई है। शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर और गंदगी की स्थिति को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम के स्वच्छता संबंधी दावों पर सवाल उठाए हैं। नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने आज सांकेतिक प्रदर्शन करते हुए स्वच्छता सर्वेक्षण के आयोजनकर्ताओं और सर्वे करने वाले अधिकारियों पर तंज कसा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने स्वच्छता का दावा करने वाले अधिकारियों का पुष्पहार पहनाकर व्यंग्यात्मक स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने सवाल उठाया कि जब शहर के कई इलाकों में कचरे के ढेर नजर आ रहे हैं तो रायपुर को स्वच्छता का अवार्ड आखिर किस आधार पर दिया गया?

कांग्रेस पार्षदों ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या सर्वे करने वाले अधिकारियों ने आंखों पर पट्टी बांधकर रायपुर का निरीक्षण किया था? नेता प्रतिपक्ष और पार्षदों ने कहा कि स्वच्छता में नंबर-1 का पुरस्कार लेने के लिए अधिकारी दिल्ली पहुंच गए, लेकिन राजधानी रायपुर में गंदगी और कचरे के ढेर जस के तस बने हुए हैं। उन्होंने सवाल किया कि सरकारी दावों और शहर की जमीनी हकीकत में इतना अंतर क्यों है?कांग्रेस पार्षद दल ने इस प्रदर्शन के जरिए स्वच्छता के दावों और वास्तविक स्थिति के बीच अंतर को उजागर करने की कोशिश की। साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा।

रायपुर नगर निगम को स्वच्छता रैंकिंग में उपलब्धि मिलने पर शहर के लिए गौरव की बात कही जा रही है। महापौर का कहना है कि यह रैंकिंग स्वच्छता कर्मियों के प्रयासों का सम्मान है। दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार लेने के लिए स्वयं नगरीय प्रशासन मंत्री, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और महापौर गईं, लेकिन सवाल यह है कि क्या पुरस्कार लेते वक्त उन्हें रायपुर की जमीनी हकीकत का अंदाजा नहीं था? इसी जमीनी हकीकत को रायपुर की जनता के सामने लाने के लिए आज नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने धरातल पर उतरकर सांकेतिक प्रदर्शन किया।

रायपुर की जमीनी हकीकत क्या है?

आकाश तिवारी से ने कहा, रायपुर नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। लोगों के घरों से कचरा नियमित रूप से नहीं उठ रहा है। मोहल्लों से निकलने वाले कचरे को समय पर नहीं उठाया जा रहा है। नुक्कड़ों से कचरा उठाने के लिए तरह-तरह के बहाने बताए जा रहे हैं। सड़कों पर कचरे के ढेर लगे हैं, सफाई नहीं हो पा रही है। अधिकारी और महापौर अपने-अपने कार्यों में मस्त हैं, आम जनता त्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि महाराज बंध तालाब के पास जहां स्वयं उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री जाते हैं, वहीं पर गंदगी का आलम है। क्या यही हमारे राजधानी रायपुर की वास्तविक स्थिति है?

नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के 3 सीधे सवाल

  • क्या रायपुर नगर में रामकी कंपनी घर-घर से कचरा उठाने का कार्य नियमित रूप से कर रही है?
  • क्या स्वीपिंग मशीन अपने काम को ईमानदारी से कर रही है? अगर मशीन ईमानदारी से काम करे तो सड़कों से धूल साफ होनी चाहिए, किंतु धरातल में यह काम नहीं हो रहा है। केवल कागजों में स्वीपिंग मशीन चल रही है।
  • SBM के जिम्मेदार अधिकारी अपनी नाकामियों को क्यों छुपा रहे हैं? क्या यही स्थिति स्वच्छता पुरस्कार लेने की है?

कथनी और करनी में अंतर है : आकाश तिवारी

आकाश तिवारी ने कहा, इसके पूर्व हमारी परिषद में पूरे भारत में रायपुर की स्वच्छता रैंकिंग चौथे नंबर पर आई थी और इस बार छत्तीसगढ़ में पहला नंबर बताया जा रहा है। दोनों में फर्क है। आज रायपुर स्वच्छता के लिए अपनी दुर्दशा स्वयं बयां कर रहा है। रायपुर के पूरे 70 वार्डों में से किसी भी वार्ड में चले जाइए, यही स्थिति है। कथनी और करनी में अंतर है। नेता प्रतिपक्ष के साथ प्रदर्शन में पार्षद संदीप साहू, पार्षद अर्जुमन ढेबर, पार्षद जयश्री सत्यनारायण नायक, पार्षद दीप मनीराम साहू, पार्षद रेनू जयंत साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed