BreakingChhattisgarhGovernmentPolitics

CG News :स्वतंत्रता दिवस पर CM साय रायपुर में करेंगे ध्वजारोहण, शहर से लेकर गांव तक होंगे राष्ट्रभक्ति से जुड़े आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 के आयोजन के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, अनुशासित और देशभक्ति की भावना से परिपूर्ण मनाने के लिए राज्य से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

 

शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय भवनों एवं ऐतिहासिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। राजधानी रायपुर में मुख्य समारोह स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। समारोह का शुभारंभ प्रातः 9 बजे होगा। मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। साथ ही प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन होगा। समारोह स्थल पर देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के लिए तिरंगे गुब्बारे भी छोड़े जाएंगे।

जिला मुख्यालयों में निर्धारित अतिथि करेंगे ध्वजारोहण

जिला मुख्यालय स्तर पर शासन की ओर से निर्धारित अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और परेड की सलामी ली जाएगी। इसके पश्चात राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा।

 

ग्राम पंचायत स्तर तक होंगे राष्ट्रभक्ति से जुड़े आयोजन

शासन ने जनपद पंचायत एवं तहसील स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। जनपद पंचायत मुख्यालय में जनपद पंचायत अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। जिन नगर पालिका अथवा नगर पंचायतों का मुख्यालय विकासखण्ड मुख्यालय पर नहीं है, वहां नगर पालिका अथवा नगर पंचायत के अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसी तरह पंचायत मुख्यालयों एवं बड़े ग्रामों में सरपंच और गांव के मुखिया द्वारा ध्वजारोहण कर ग्रामीणों के साथ सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान एवं वंदे मातरम् का गायन किया जाएगा।

 

रात में रोशन होंगे शासकीय एवं ऐतिहासिक भवन

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या एवं 15 अगस्त की रात्रि में प्रदेश के सभी शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों तथा राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाएगी। राज्य एवं जिला स्तर पर ध्वजारोहण समारोह प्रातः 9 बजे से प्रारंभ किए जाएंगे। विभागों एवं कार्यालयों के प्रमुखों को अपने कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एकत्रित कर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

स्कूलों में ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियां

शासन ने सभी शिक्षण संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। स्कूलों में ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक, साहित्यिक, मनोरंजन एवं खेल-कूद से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों द्वारा वृक्षारोपण जैसे रचनात्मक कार्यक्रम भी किए जाएंगे। शिक्षण संस्थानों को अपने क्षेत्र में प्रातःकाल ‘प्रभात फेरी’ आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रदेश के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ध्वनि-विस्तारक यंत्र यानी लाउडस्पीकर के उपयोग की अनुमति जिला कलेक्टर द्वारा प्रदान की जाएगी।

 

स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिवारों का होगा सम्मान

जिला कलेक्टर द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिवारों को जिला स्तर पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा और सम्मानित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button