रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले सत्ता पक्ष ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल की बैठक शुरू हो गई है। बैठक नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) में आयोजित की जा रही है, जहां सभी मंत्री और भाजपा विधायक मौजुद है।
बता दें कि बैठक में आगामी 13 जुलाई से शुरू होने वाले पांच दिवसीय मानसून सत्र को लेकर पार्टी की रणनीति तैयार की जा रही है। सदन में सरकार की ओर से किन मुद्दों पर जवाब दिया जाएगा, विपक्ष के संभावित हमलों का किस तरह जवाब दिया जाएगा और विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हो रही है। इसके अलावा सरकार की प्राथमिकताओं और विधायकों के बीच समन्वय को लेकर भी मंथन किया जा रहा है।
गजेंद्र यादव बोले- हर सवाल का जवाब देने को तैयार है भाजपा
भाजपा विधायक गजेंद्र यादव ने विधायक दल की बैठक को लेकर कहा कि बैठक में आगामी मानसून सत्र की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी। भाजपा सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।” राजनीति
केदार कश्यप बोले- सरकार पूरी तरह तैयार
बैठक शुरू होने से पहले मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आगामी मानसून सत्र को लेकर सरकार की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि विधायक दल की बैठक में सत्र के दौरान उठने वाले विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी और सरकार सदन में हर मुद्दे पर अपना पक्ष रखने के लिए पूरी तरह तैयार है।
केदार कश्यप ने बताया कि पांच दिवसीय मानसून सत्र के दौरान प्रदेश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार विधानसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विधायकों का सम्मान भी किया जाएगा। इसे विधानसभा की गरिमा और जनप्रतिनिधियों के बेहतर संसदीय योगदान को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया जा रहा है।
सत्र से पहले तेज हुई राजनीतिक गतिविधियां
मानसून सत्र से पहले प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं। आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से स्पीकर हाउस पहुंचकर मुलाकात की थी। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक आगामी मानसून सत्र की तैयारियों और सदन के सुचारु संचालन को लेकर चर्चा हुई थी। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी विधानसभा अध्यक्ष से अलग से मुलाकात कर सत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की थी। इन बैठकों को सत्र की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष
गौरतलब है कि इस बार मानसून सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं। कांग्रेस पहले ही सरकार को कई अहम मुद्दों पर घेरने की रणनीति बना चुकी है। इनमें कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, रायपुर के नकटी गांव का भूमि विवाद, बिजली-पानी संकट, सड़क निर्माण और मानसून के दौरान व्यवस्थाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। राजनीति
विपक्ष खरीफ सीजन में किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, धान खरीदी की तैयारियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है। वहीं, रायपुर के नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, विस्थापन और विधायक आवास के लिए प्रस्तावित भूमि से जुड़ा विवाद भी विधानसभा में गूंज सकता है।
1,033 प्रश्न लगाए जा चुके
आगामी मानसून सत्र के लिए अब तक विधायकों की ओर से 1,033 प्रश्न लगाए जा चुके हैं। प्रश्नकाल, शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के दौरान विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है।
भाजपा विधायक दल की बैठक पर नजर
फिलहाल मुख्यमंत्री निवास में भाजपा विधायक दल की बैठक जारी है। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ मंत्रिमंडल के सदस्य और भाजपा विधायक शामिल है। माना जा रहा है कि बैठक में विपक्ष के संभावित सवालों के जवाब, सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से सदन में रखने की रणनीति और विभिन्न विभागों के समन्वय को लेकर अंतिम रूप दिया जाएगा। राजनीतिक गलियारों की नजर अब इस बैठक के बाद सामने आने वाली रणनीति और आगामी मानसून सत्र की कार्यवाही पर टिकी हुई है।
