
वहीं धान खरीदी की तारीख दो दिन बढ़ाने पर दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों का धान नहीं खरीद रही है. कांग्रेस ने समय सीमा बढ़ाने की मांग की थी. सरकार ने 162 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का दावा किया था, लेकिन लगभग 25 लाख मीट्रिक टन की खरीदी नहीं हुई है. कई किसान अब भी धान नहीं बेच पाए. हमारी मांग पर सरकार झुकी और तारीख बढ़ाई, लेकिन फैसला पर्याप्त नहीं है.
उन्होंने कहा कि दो दिन में दो लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान की खरीदी संभव नहीं है, ऐसे में धान खरीदी की समय सीमा कम से कम 15 दिन बढ़ाई जाए. वहीं मार्च 2026 तक नक्सलियों के सफाए के दावे पर भी बैज ने कहा कि हमें मार्च 26 तक इंतजार करना चाहिए, तब पता चलेगा नक्सली बचे हैं या नहीं. सरकार को सही आंकलन करना चाहिए.
बृजमोहन अग्रवाल के साथ राहुल गांधी की तस्वीर वायरल होने पर डीसीएम विजय शर्मा के बयान पर दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस अनुशासित पार्टी है. राहुल गांधी लोकप्रिय नेता हैं, संसद में मुलाकात की अच्छी परंपरा है. राज्य सरकार की नाकामियों को लेकर जरूर चर्चा हुई होगी. बृजमोहन अग्रवाल वरिष्ठ नेता हैं, दुश्मन नहीं. जहां भाजपा सरकार की नाकामियों पर चर्चा करनी होगी, कांग्रेस करेगी.