November 10, 2026

स्मृति ईरानी कल आएंगी छत्तीसगढ़ दौरे पर, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के कार्यक्रम की तैयारियों का लेंगी जायजा

0

 रायपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 11 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगी। वे सुबह 9 बजे दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगी। एयरपोर्ट से ही सीधे रायगढ़ के लिए रवाना होंगी। यहां वे 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करेंगी। इस दौरान वे प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों और नेताओं के साथ बैठक भी करेंगी। बैठक के बाद स्मृति ईरानी रायपुर होते हुए वापस दिल्ली लौट जाएंगी।

दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। इस दौरान वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आमंत्रण पर नितिन नबीन छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उनके आगमन को राजनीतिक और संगठनात्मक लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। इसी सिलसिले में प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 11 नवंबर को छत्तीसगढ़ पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेंगी। वे धरमजयगढ़ में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगी।

बता दें कि छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी पहली बार 25 और 26 अक्टूबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आई थीं। इस दौरान उन्होंने पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed