October 21, 2026

महादेवघाट विसर्जन कुंड में दुर्गा माता की 790 मूर्तियों का विसर्जन, खारून नदी में प्रतिबंध, पर्यावरण संरक्षण को लेकर नगर निगम अलर्ट

0

 रायपुर। राजधानी रायपुर में महादेवघाट पाटन पुलिया के समीप नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा बनाए गए विसर्जन कुंड में आज दोपहर 1 बजे तक दुर्गा माता की 790 मूर्तियों का श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया जा चुका है। प्रशासनिक व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं द्वारा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है।

खारून नदी में दुर्गा माता की मूर्तियों के विसर्जन पर प्रतिबंध संबंधी आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) और छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

विसर्जन कुंड की व्यवस्था के लिए समिति गठित

विसर्जन स्थल पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों की समिति गठित की है। समिति को निर्देशित किया गया है कि विसर्जन से पहले पूजन सामग्री को अलग कर निर्धारित स्थल पर रखा जाए। स्थायी विसर्जन कुंड में विसर्जन के बाद बची सामग्री, मलबा, बांस-बल्लियां और अन्य अवशेष 24 घंटे के भीतर बाहर निकाले जाएं, ताकि जल प्रदूषित न हो।

इसके साथ ही खारून नदी में दुर्गा माता की मूर्तियों के विसर्जन पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और ध्वनि एवं वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए रायपुर जिला प्रशासन तथा रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम अधिकारियों के बीच कार्य विभाजन

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने आदेश जारी कर दशहरा उत्सव और दुर्गा माता मूर्ति विसर्जन कुंड की व्यवस्था के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच कार्यों का विभाजन किया है।

जारी आदेश के अनुसार, गठित समिति में अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय (मोबाइल नंबर: 94242-64100), उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव सिंह बाबरा (मोबाइल नंबर: 96772-73941), जोन-2 के जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय (मोबाइल नंबर: 94242-03000), जोन-5 के जोन कमिश्नर राकेश शर्मा (मोबाइल नंबर: 90098-07374), जोन-6 की जोन कमिश्नर प्रीति सिंह (मोबाइल नंबर: 94244-11974), प्रभारी अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर (मोबाइल नंबर: 94255-02640), कार्यपालन अभियंता (जल) नर सिंग फरेन्द्र (मोबाइल नंबर: 75870-67839) तथा कार्यपालन अभियंता (विद्युत) संदीप शर्मा (मोबाइल नंबर: 78988-10000) को शामिल किया गया है।

श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था

समिति द्वारा विसर्जन कुंड स्थल पर शामियाना, लाइट, माइक, अग्निशमन वाहन और चिकित्सा सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *