October 29, 2026

Cyclone Arnab : चक्रवात अर्नब ने बिगाड़ा छत्तीसगढ़ का मौसम, आज भी कई इलाकों में बारिश का अलर्ट, जानिए अपने जिले का हाल

0

Cyclone Arnab : रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में लगातार बारिश हुई। करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को ठंड का एहसास हुआ।

 

बुधवार को कैसा रहा प्रदेश का तापमान ?

मौसम के बदले मिजाज का असर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में देखने को मिला। बस्तर में बारिश और हवा की गति अधिक रही, जबकि रायपुर में सुबह से शुरू हुई बारिश रात तक जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री कम रहा। वहीं बिलासपुर में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

आज भी कई संभागों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को बस्तर संभाग में 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इन क्षेत्रों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा भी हो सकती है।

 

मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट

ऑरेंज अलर्ट- नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर और दंतेवाड़ा।

 

येलो अलर्ट- गौरेला पेंड्रा मरवाही, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, मुंगेली, कबीरधाम, जांजगीर चांपा, बेमेतरा, बलौदा बाज़ार, महासमुंद, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, बलरामपुर, कोरिया, सूरजपुर, जशपुर, सरगुजा और सुकमा।

 

शुक्रवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना

लगातार बारिश के चलते लोगों ने एक बार फिर रेनकोट और छतरियां निकाल ली हैं। मौसम में ठंडक बढ़ने के कारण दिन के समय भी तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, गुरुवार को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद शुक्रवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। फिलहाल न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब दो से तीन डिग्री अधिक बताया जा रहा है।

प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान

रायपुर: 26.1 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 4.8 डिग्री कम

माना: 25.8 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 5.1 डिग्री कम

बिलासपुर: 27.8 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 2.7 डिग्री कम

पेंड्रा: 26.0 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 3.1 डिग्री कम

अंबिकापुर: 27.5 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक

जगदलपुर: 24.4 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 5.5 डिग्री कम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed