BreakingChhattisgarhGovernment

दिवगंत डॉ. सुरेंद्र दुबे के घर पहुंचे CM विष्णुदेव साय, अर्पित की विनम्र श्रद्धांजलि, परिजनों को बंधाया ढांढस…

दिवगंत डॉ. सुरेंद्र दुबे के घर पहुंचे CM विष्णुदेव साय, अर्पित की विनम्र श्रद्धांजलि, परिजनों को बंधाया ढांढस…

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के प्रख्यात कवि पद्मश्री डॉ. सुरेंद्र दुबे के निधन की खबर मिलते ही उनके घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने दिवंगत कवि के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में छत्तीसगढ़ सरकार उनके साथ है.

दिवंगत कवि के घर जाने से पहले सीएम साय ने अपने सोशल मीडिया एक्स (ट्वीटर) पर भी गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने लिखा कि “डॉ. सुरेन्द्र दुबे का निधन न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि समूचे साहित्यिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है. अपने विलक्षण हास्य, तीक्ष्ण व्यंग्य और अनूठी रचनात्मकता के माध्यम से डॉ. दुबे ने न केवल देश-विदेश के मंचों को गौरवान्वित किया, बल्कि छत्तीसगढ़ी भाषा को वैश्विक पहचान दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई. जीवनपर्यंत उन्होंने समाज को हँसी का उजास दिया, लेकिन आज उनका जाना हम सभी को गहरे शोक में डुबो गया है.”

मुख्यमंत्री साय ने आगे लिखा कि डॉ. सुरेन्द्र दुबे की जीवंतता, उनकी ऊर्जा और साहित्य के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा. वे मंचीय काव्य परंपरा में हास्य और व्यंग्य को जिस गरिमा और गहराई से प्रस्तुत करते थे, वह विरल है.

मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों एवं असंख्य प्रशंसकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है.

बता दें, छत्तीसगढ़ी भाषा के जाने-मानें हास्य कवि पद्मश्री डॉ. सुरेन्द दुबे का आज निधन हो गया है. उन्होंने ACI में इलाज के दौरान आज अंतिम सांस ली. उनकी तबीयत अचानक खराब होने पर उन्हें रायपुर के एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया था. लेकिन हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया. उनके निधन के बाद साहित्य जगत में शोक की लहर है. प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी और रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह और परिवार समेत कई लोगों ने ACI अस्पताल पहुंचकर उनके अंतिम दर्शन किए.

कल होगा अंतिम संस्कार

डॉ. सुरेंद्र दुबे की अंतिम यात्रा 27 जून गुरुवार को सुबह 10,30 बजे उनके निवास स्थान अशोका प्लैटिनम बंगला नम्बर 25 से मारवाड़ी शमशान घाट को निकलेगी. आज उनके पार्थिव शरीर को उनके अशोका रत्न स्थित निवास में रखा जाएगा. इस दौरान प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास के अलावा देश के अन्य बड़े कवि भी शामिल होंगे.

हास्य और व्यंग से मानवीय संवेदनाओं को छुआ

डॉ. सुरेंद्र दुबे ने हास्य और व्यंग्य जैसी विधाओं को सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक चिंतन का जरिया बनाया. मंच पर उनकी प्रस्तुति, शब्दों का चयन और आत्मविश्वास दर्शकों को प्रभावित करता था. उन्होंने अपनी कविताओं से केवल हँसाया नहीं, बल्कि सामाजिक विसंगतियों, राजनीतिक हलचलों और मानवीय संवेदनाओं को भी छुआ और लोगों को सोचने पर मजबूर भी किया.

पद्मश्री डॉ. सुरेंद्र दुबे की जीवन

8 अगस्त 1953 को बेमेतरा, छत्तीसगढ़ में जन्मे डॉ. दुबे पेशे से आयुर्वेदिक चिकित्सक थे, लेकिन पहचान उन्होंने एक साहित्यकार और हास्य कवि के रूप में बनाई. भारतीय साहित्य के साथ ही छत्तीगसढ़ी भाषा में उनकी पकड़ बेहद मजबूत थी. उन्होंने पांच किताबें लिखी हैं और कई मंचो और TV शो पर दिखाई दिए. उन्हें भारत सरकार द्वारा वर्ष 2010 में देश के चौथे उच्चतम भारतीय नागरिक पुरस्कार पद्मश्री से सम्मानित किया गया था.

इससे पहले पद्मश्री डॉ. सुरेन्द्र दुबे को वर्ष 2008 में काका हाथरसी से हास्य रत्न पुरुस्कार प्राप्त हुआ था. वर्ष 2012 में पंडित सुंदरलाल शर्मा सम्मान, अट्टहास सम्मान और संयुक्त राज्य अमेरिका में लीडिंग पोएट ऑफ इंडिया सम्मान प्राप्त हो चुके हैं.

विदेशों में भी मिला सम्मान

बता दें, पद्मश्री डॉ. सुरेन्द्र दुबे ने छत्तीसगढ़ की माटी से लेकर देश ही नहीं विदेशों में भी अपनी कविताओं से सबका दिल जीता है. उन्हें अमेरिका (America) के वाशिंगटन (Washington) में अंतरराष्ट्रीय हिन्दी एसोसीएशन द्वारा आयोजित समारोह में पद्मश्री डॉ सुरेंद्र दुबे को हास्य शिरोमणि सम्मान 2019 से सम्मानित किया गया था. नार्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन की ओर से शिकागो में पद्मश्री डॉ. सुरेन्द दुबे को छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान से भी सम्मानित किया गया था.

पद्मश्री डॉक्टर सुरेंद्र की रचनाओं पर देश के 3 विश्वविद्यालयों ने पीएचडी की उपाधि भी प्रदान की है, जो उनकी साहित्यिक और अकादमिक उपलब्धियों की पुष्टि करती है.

 

.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button