CG Weather : रायपुर. सावन माह में मजबूत मौसम तंत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ फिर भीगने के लिए तैयार है. आगामी तीन दिनों तक मौसम बिगड़ा हुआ रहने वाला है. पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतर इलाकों में बारिश हुई. उत्तरी इलाकों में सबसे ज्यादा पानी गिरा है. प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है.
4 अगस्त से अगले चार दिनों तक रायपुर समेत प्रदेश के अधिकतर जिलों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना जताई है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना बनी रहेगी. वहीं प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. इतिहास
रायपुर में उमस से राहत के आसार नहीं
राजधानी रायपुर के लिए मौसम विभाग ने स्थानीय पूर्वानुमान जारी किया है. इसके मुताबिक बुधवार को आकाश में बादल छाए रह सकते हैं. वहीं बादल गरजने-चमकने के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के आसार हैं.
तीन सिस्टम हैं एक्टिव
मौसम विभाग ने बताया कि समुद्र तल पर मॉनसून द्रोणिका अनूपगढ़, दिल्ली, शाहजहांपुर, बस्ती, छपरा और नागालैंड तक बनी हुई है. उत्तर-पश्चिम बिहार के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. वहीं बंगाल की खाड़ी आंध्र प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है.
इन इलाकों में जमकर हुई बारिश
मौसम विभाग के जारी आंकड़ों के अनुसार, शंकरगड़ में 11 सेमी, कुसमी, रतनपुर, सक्ती और भोपालपट्टनम में 7 सेमी, सुकमा और सकोला में 6 सेमी और सरागांव और बीजापुर में 5 सेमी बारिश हुई है. वीं पेंड्रा, भैरमगढ़, करपावंड, छाल, बरमकेला, सरिया और बम्हनीडीह में 4 सेमी पानी गिरा. इसके अलावा अनेक स्थानों पर इससे काम वर्षा हुई.
