November 9, 2026

CG Weather : रजाई-कंबल निकाल लो बाहर! बढ़ने लगी है ठिठुरन… पढ़ें ताजा मौसम अपडेट

0

CG Weather : रायपुर. नवंबर का पहला सप्ताह बीतने के बाद ही छत्तीसगढ़ का मौसम बदलने लगा है. कई शहरों में रात में ठंड का असर बढ़ गया है. मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरवाट होने की संभावना जताई है. फिलहाल इसके बाद विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा. साथ ही बारिश की गतिविधि भी थम गई है.

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा. इस दौरान दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया. प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई.

प्रदेश में बना हुआ है द्रोणिका का प्रभाव

मौसम विभाग ने बताया कि समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर दक्षिण छत्तीसगढ़ से झारखंड होते हुए उत्तर-पूर्वी बिहार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तक एक द्रोणिका बनी हुई है. हालांकि, इसके बावजूद प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 9 नवंबर को मौसम साफ रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है.

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. इसके बाद तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का सिलसिला जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed