रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के सभी मोर्चों के प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक पदाधिकारी व कार्यकर्ता शासन की योजनाओं और ‘मोदी की गारंटी‘ की सफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय हों. हमारा लक्ष्य वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत‘ की संकल्पना को पूरा करना है. सच्ची सेवा भावना के साथ हमें एक शक्तिशाली और समृद्धशाली भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी है.
सीएम साय ने सोमवार को राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में संयुक्त बैठक की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को सम्बोधित करते हुए सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसके देशभर में 14 करोड़ कार्यकर्ता और प्रदेश में 60 लाख सदस्य व 80 हजार सक्रिय कार्यकर्ता हैं. युवा, महिला, किसान, एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक मोर्चों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुँचना हमारी प्राथमिकता है.
सीएम साय ने कहा कि हमने मात्र दो वर्षों में मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा कर दिया है. 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी. आज हर पंचायत में औसतन 300 मकान बन रहे हैं और 10 लाख से ज्यादा परिवारों का गृह प्रवेश हो चुका है. छत्तीसगढ़ में 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है. होली के पहले 25.24 लाख किसानों के खातों में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की अंतर राशि जमा की जाएगी. इसी प्रकार महिला सशक्तीकरण के दृष्टिगत ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 70 लाख से अधिक माताओं को प्रति माह 1000 रुपए दिए जा रहे हैं. तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपए पारिश्रमिक, भूमिहीन कृषकों को 10 हजार रुपए सालाना दिए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा दर्शन की शुरुआत की गई है. उन्होंने कहा कि हमें जनता को इन योजनाओं के बारे में बताना है और इससे लोगों का जुड़ाव सीधे हम तक होगा. पीएम जन-मन योजना के माध्यम से 24 हजार करोड़ रुपए के प्रावधान से जनजातीय क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है. राज्य की नई उद्योग नीति की देश-विदेश में सराहना हो रही है. खेलो इंडिया के माध्यम से खेलों को महत्व दिया जा रहा है और पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान सरकार की प्राथमिकता है.
राष्ट्र प्रथम की भावना और सेवा-समर्पण से ही बनेगा विकसित भारत – जम्वाल
भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए संगठन की शक्ति और आगामी लक्ष्यों का रोडमैप सामने रखा और कहा कि पार्टी आज न केवल देश की, बल्कि विश्व की नंबर वन पार्टी बन चुकी है, लेकिन हमारा वास्तविक लक्ष्य भारत को शक्तिशाली, समृद्धशाली, आत्मनिर्भर और ‘विश्वगुरु‘ बनाना है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज तेजी से प्रगति कर रहा है. हमारा संकल्प वर्ष 2047 तक भारत को एक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाना है. इस यात्रा में हर कार्यकर्ता का योगदान अनिवार्य है. आज केंद्र की योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुंच रहा है. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के कार्यों और योजनाओं की चर्चा हर घर और हर गली में होनी चाहिए. कार्यकर्ताओं को ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत‘ के संकल्प के साथ जनता के बीच जाना होगा. उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना हमारे हर कार्य के मूल में होनी चाहिए. हर कार्यकर्ता के भीतर सेवा, समर्पण, सहजता और सामूहिकता का भाव होना आवश्यक है. समयबद्ध तरीके से संगठन के कार्यों को पूरा करना ही एक निष्ठावान कार्यकर्ता की पहचान है. अनुशासन ही वह शक्ति है जो हमें हमारे लक्ष्यों तक पहुंचाएगी.
नए कार्यकर्ताओं की कल से होगी ट्रेनिंग शुरू

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा ‘कार्यक्रम आधारित‘ दल है, जहां सालभर सेवा के कार्य चलते रहते हैं. पार्टी के विभिन्न मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती और आगामी बजट सत्र को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देते हुए भाजपा अध्यक्ष देव ने कार्यकर्ताओं के बौद्धिक विकास और कार्यकुशलता पर जोर दिया और कहा कि पार्टी में निरंतर प्रशिक्षण की परंपरा है. 17 फरवरी से हमारे प्रशिक्षण वर्ग की कार्यशाला शुरू हो रही है, जहां नए कार्यकर्ताओं को भाजपा की रीति-नीति से अवगत कराया जाएगा. भाजपा अध्यक्ष देव ने कहा कि केंद्र सरकार के बजट के बाद अब छत्तीसगढ़ के बजट की बारी है. प्रदेश सरकार की बजट को हमें जनता की परिकल्पना के अनुसार नीचे तक ले जाना है. बूथ स्तर तक जाकर युवाओं और महिलाओं को बजट की लोक-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है. किरण सिंह देव ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता अत्यंत स्वाभिमानी होता है. आज पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भाजपा की सरकार है, ऐसे में हमारी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है. सत्ता के केंद्र में होने के बावजूद हमारा व्यवहार संतुलित और मर्यादित होना चाहिए. अनुशासन ही वह शक्ति है जो हमें अन्य दलों से अलग और विशिष्ट बनाती है.
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी एवं यशवंत जैन ने किया. संयुक्त मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह और अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मख्मूर इकबाल सहित समस्त मोर्चा पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे.