November 10, 2026

विधायक यशोदा वर्मा की कार और बाइक में टक्कर, दो लोग गंभीर रूप से हुए घायल, जांच में जुटी पुलिस

0

 खैरागढ़। दुर्ग जिले में खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा की कार और बाइक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्ग अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र के मिलन चौक के पास की है। मिली जानकारी के मुताबिक, विधायक यशोदा वर्मा की कार खैरागढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान लिटिया की तरफ से बोरी आ रही बाइक से कार की टक्कर हो गई। बाइक पर शिव वर्मा (50 वर्ष) और हेमंत पटेल (45 वर्ष) सवार थे। टक्कर में दोनों को गंभीर चोटें आईं।

घायलों को दुर्ग अस्पताल किया गया रेफर

हादसे के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए दुर्ग अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है। दोनों कहां के रहने वाले हैं, इसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है।

विधायक की कार मौके पर छोड़ी, दूसरी बाइक से रवाना हुईं

हादसे के बाद विधायक यशोदा वर्मा अपनी कार को घटनास्थल पर छोड़कर दूसरी बाइक से वहां से रवाना हो गईं। हालांकि, इस दौरान घायलों की मदद के लिए उनकी ओर से क्या व्यवस्था की गई और कार छोड़कर जाने की वजह क्या थी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। विधायक की ओर से भी अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

एसडीओपी धमधा बीएम तिग्गा ने दुर्घटना की पुष्टि की है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कार और बाइक के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। जांच के बाद ही दुर्घटना की वजह और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed