चक्रवात ‘अर्नब’ का कहर : छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी, दो जिलों के स्कूलों में छुट्टी, इधर रेलवे ने जारी की एडवाइजरी
रायपुर। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 28 और 29 अक्टूबर को भारी से अति भारी वर्षा, गरज-चमक एवं तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजनांदगांव और मोहला-मानपुर जिले के सभी स्कूलों में डीईओ ने 28 अक्टूबर को छुट्टी दे दी है। वहीं चक्रवात को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों तक आवश्यक सावधानियों की जानकारी व्यापक रूप से पहुंचाई जा रही है। इसके लिए स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली, सूचना एवं डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल स्क्रीन, आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा अन्य संचार माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है।

रेल यात्रियों के लिए परामर्श
संभावित प्रतिकूल मौसम को देखते हुए यात्रियों से ये सावधानियां बरतने की अपील की गई है।
- ट्रेन की स्थिति की जानकारी लें : यात्रा प्रारंभ करने से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन की नवीनतम स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
- पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचे : संभावित मौसम संबंधी व्यवधान एवं सड़क यातायात में देरी को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त समय पहले स्टेशन पहुंचे।
- रेलवे की सूचनाओं का पालन करें : स्टेशनों पर की जाने वाली उद्घोषणाओं तथा रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।
- रेलवे ट्रैक से दूर रहें : रेलवे ट्रैक पार करने से बचें तथा निर्धारित यात्री क्षेत्रों में ही रहें।
- मोबाइल एवं आवश्यक वस्तुएं साथ रखें : मोबाइल फोन चार्ज रखें, आवश्यक दवाइयां, पीने का पानी और आपातकालीन संपर्क संबंधी जानकारी अपने पास रखें।
- फिसलन वाले स्थानों पर सावधानी बरतें : बारिश के कारण प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज एवं सीढ़ियों पर फिसलन हो सकती है। ऐसे स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें।
- केवल आधिकारिक माध्यमों से जानकारी प्राप्त करें : ट्रेनों के नियमन, मार्ग परिवर्तन अथवा निरस्तीकरण की स्थिति में सही एवं अद्यतन जानकारी के लिए रेलवे के आधिकारिक संचार माध्यमों पर ही भरोसा करें।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि संभावित खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें। रेलवे की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। अपनी यात्रा को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।

