रायपुर। शहर में रात के वक्त होटल, बार, क्लब और ढाबों से निकलने वालों की बढ़ती हुड़दंगबाजी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए आज एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई। इन शिकायतों के बाद पुलिस ने अब सख्ती शुरू कर दी है। एसीपी सिविल लाइन और टीआई तेलीबांधा ने रविवार को पब, बार, होटल और ढाबा संचालकों की बैठक लेकर साफ हिदायत दी। इस बैठक में होटल, क्लब, बार और ढाबा व्यवसाय से जुड़े शहर के सभी व्यापारी मौजूद थे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने साफ-साफ शब्दों में सभी संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि शहर में अब नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समय पर बंद करें प्रतिष्ठान
पुलिस ने सभी पब, बार, होटल और ढाबा संचालकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रतिष्ठान बंद करने के निर्देश दिए। समय के बाद प्रतिष्ठान खुला पाए जाने पर लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
नाबालिगों पर पूरी तरह रोक
किसी भी क्लब, पब या बार में 18 साल से कम उम्र के लड़के-लड़कियों को प्रवेश न देने के सख्त निर्देश दिए गए। इसके साथ ही किसी भी जगह पर शराब न परोसने की बात कही गई है। नियम तोड़ने पर संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई होगी।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था
प्रतिष्ठान के सामने सड़क पर गाड़ियां खड़ी न करने को कहा गया। सभी ग्राहकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही रखने के निर्देश दिए गए। इससे तेलीबांधा-शंकर नगर मार्ग पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।
नशे पर जीरो टॉलरेंस
पुलिस ने कहा कि प्रतिष्ठान के सामने या वाहन में बैठकर कोई भी व्यक्ति नशा करते पाया गया तो सीधे FIR और वाहन जब्ती की कार्रवाई होगी। संचालकों को भी अपने यहां नशा न करने देने की जिम्मेदारी दी गई।
बैठक में सभी संचालकों को होटल, बार, पब लाइसेंस से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया। यातायात नियमों का उल्लंघन और लायसेंस शर्तों के उल्लंघन पर संयुक्त कार्रवाई की बात कही गई।
एसीपी सिविल लाइन ने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखना और युवाओं को नशे से दूर रखना प्राथमिकता है। त्योहारी सीजन और वीकेंड पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह बैठक बुलाई गई। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अब रोजाना चेकिंग और चालानी कार्रवाई होगी।
