November 18, 2026

फ्लाइट संकट गहराया: आज सुबह 11 बजे तक 11 और 3 दिन में 54 उड़ानें रद्द, ट्रेन-बसें भी हाउसफुल, यात्रियों की परेशानियां चरम पर

0

 रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर लगातार तीसरे दिन उड़ान सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। सोमवार सुबह 11 बजे तक रायपुर से बाहर जाने वाली 6 और आने वाली 5 फ्लाइटें रद्द कर दी गईं। पिछले तीन दिनों में कुल 54 उड़ानें कैंसिल हो चुकी हैं, जिनमें अधिकांश इंडिगो की हैं। लगातार उड़ानें रद्द होने से यात्रियों की परेशानी चरम पर पहुंच गई है।

आज रद्द हुईं प्रमुख उड़ानें

रायपुर से बाहर जाने वाली फ्लाइट्स

मुंबई: 2 फ्लाइटें (इंडिगो)

हैदराबाद: 2 फ्लाइटें (इंडिगो)

बेंगलुरु: 1 फ्लाइट (इंडिगो)

एक अन्य गंतव्य: 1 फ्लाइट

रायपुर आने वाली फ्लाइट्स

हैदराबाद से: 3 फ्लाइटें (सभी इंडिगो)

बेंगलुरु से: 1 फ्लाइट

एक अन्य शहर से: 1 फ्लाइट

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, दिनभर में और भी कई उड़ानें रद्द या डायवर्ट हो सकती हैं। देरी की आशंका भी जताई जा रही है।

यात्रियों में आक्रोश, इंडिगो और एयरपोर्ट अथॉरिटी पर सवाल

बता दें कि रायपुर एयरपोर्ट पर आज सुबह से सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं। कई यात्रियों ने शिकायत की कि न तो इंडिगो का कोई जिम्मेदार अधिकारी जवाब दे रहा है और न ही एयरपोर्ट अथॉरिटी कोई जानकारी मुहैया करा रही। रद्द फ्लाइटों का रिफंड भी अब तक सैकड़ों लोगों को नहीं मिला। इंडिगो बार-बार 3-4 दिन का समय बता रही है, लेकिन अभी तक किसी का पैसा खाते में नहीं आया।

ट्रेन-बसें भी हाउसफुल, वैकल्पिक यात्रा मुश्किल

रायपुर में इस फ्लाइट संकट का सीधा असर रेल और बस सेवा पर पड़ा है। लोग मजबूरन महंगे दामों पर टिकट खरीद रहे हैं, वहीं कई ट्रेनें और बसें पहले से ही फुल चल रही हैं।

मुख्य ट्रेनों की स्थिति (8 दिसंबर तक)

समता एक्सप्रेस – 8 जनवरी तक फुल

छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (AC टियर) – 31 दिसंबर तक वेटिंग

गीतांजलि एक्सप्रेस – 11 जनवरी तक लंबी वेटिंग

हावड़ा–मुंबई मेल – 29 दिसंबर तक नो रूम

ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस – 5 से 9 जनवरी तक भारी वेटिंग

बसों की स्थिति

भोपाल–इंदौर रूट: पहले 50% सीटें भरती थीं, अब 75% तक

हैदराबाद रूट: पहले 70%, अब 90% तक सीटें फुल

यात्रियों के पास अब वेटिंग टिकट या महंगे विकल्पों के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।

संकट पर चुप्पी, यात्रियों की चिंता बढ़ी

सबसे बड़ी समस्या यह है कि न तो इंडिगो और न ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ने अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी किया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि फ्लाइट संचालन कब बहाल होगा और लगातार हो रही रद्दगी का कारण क्या है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और गुस्से के बीच, रायपुर एयरपोर्ट पर स्थिति हर गुजरते घंटे के साथ और बदहाल दिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed