छत्तीसगढ़ में एनएचएम कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी, आंदोलनकर्मियों को स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने दिया आश्वासन, कहा- समय लगेगा, लेकिन समाधान सामने आएगा

छत्तीसगढ़ में एनएचएम कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी, आंदोलनकर्मियों को स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने दिया आश्वासन, कहा- समय लगेगा, लेकिन समाधान सामने आएगा

कोरिया। छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। प्रदेश में 16,000 से अधिक NHM कर्मचारी 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई हुई है। प्रदर्शनकारियों को काम पर लौटने की चेतावनी के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुरू की गई बर्खास्तगी की कार्रवाई के बाद नाराज कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है और उनका प्रदर्शन अब भी जारी है।

वहीं आज कोरिया जिले में NHM कर्मचारियों ने एक मौन रैली का आयोजन किया। रैली प्रेमाबाग से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए PWD रेस्ट हाउस तक पहुंची, जहां स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मौजूद थे। कर्मचारियों ने हाथों में बैनर और तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और स्वास्थ्य मंत्री से सीधे मिलकर अपनी सभी मांगें रखीं।

कर्मचारियों ने उचित वेतन वृद्धि, स्थायी नियुक्ति और बेहतर कार्य परिस्थितियों समेत 10 सूत्री मांग को पूरा करने की मांग की। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह किया कि उनकी नियमितीकरण की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाए।

समाधान में दो-तीन महीने का लगेगा समय – स्वास्थ्य मंत्री

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कर्मचारियों की बातों को सुना और आश्वासन दिया कि उनके मुद्दों पर जल्द ही विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दो-तीन महीने का समय लगेगा, लेकिन समाधान सामने आएगा। हम एक कमेटी बनाएंगे, जिसमें स्टेट लेवल पर दो से पांच सदस्य होंगे और उनके माध्यम से निचले स्तर तक सुझाव जाएगा। आप लोग सहमति बना लीजिए और हम उसी अनुसार काम करेंगे।

ये हैं 10 सूत्री मांग

1- संविलियन जॉब सुरक्षा

2- पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना

3- ग्रेड पे निर्धारण

4- कार्यमूल्यांकन पध्दति में सुधार

5-लंबित 27% वेतन वृद्धि

6-नियमित भर्ती में सीटों का आरक्षण

7-अनुकंपा नियुक्ति

8-मेडिकल या अन्य अवकाश की सुविधा

9-स्थानांतरण नीति

10-न्यूनतम 10 लाख चिकित्सा बीमा

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *