November 23, 2026

मानव तस्करी और घरेलू हिंसा पर मुख्यमंत्री साय ने जताई चिंता, बोले- इसे रोकने के लिए जनआंदोलन जरूरी

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा के लिए आज छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। कार्यशाला में महिला सुरक्षा, मानव तस्करी, घरेलू हिंसा और महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया गया। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित विशेषज्ञ और संबंधित पक्ष मौजूद रहे।

मानव तस्करी और घरेलू हिंसा पर सीएम ने जताई चिंता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं को कोई भी समाज स्वीकार नहीं कर सकता। भारत में प्राचीन काल से ही नारियों की पूजा की जाती रही है, लेकिन आज भी इन गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हमें इन समस्याओं को स्वीकार कर इनके समाधान के लिए प्रयास करना होगा।

मानव तस्करी में करीबी लोग होते हैं शामिल- मुख्यमंत्री साय

उन्होंने कहा कि मानव तस्करी के मामलों में कई बार करीबी लोग ही शामिल होते हैं। पैसे और नौकरी का झांसा देकर महिलाओं को घरों से बाहर ले जाया जाता है और वे तस्करी के जाल में फंस जाती हैं। ऐसे कई मामले सामने आए हैं। दिल्ली में भी कई महिलाओं को इस तरह के जाल से छुड़ाया गया है।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार के प्रयास

सीएम साय  ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू हिंसा व मानव तस्करी को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

सीएम बोले- जनआंदोलन बनाने की जरूरत

उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर का जिक्र करते हुए कहा कि यहां महिलाओं को 24 घंटे सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा 181 महिला हेल्पलाइन नंबर भी संचालित है। छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति ऐप के माध्यम से भी महिलाएं अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। घरेलू हिंसा और मानव तस्करी रुके इसकी कोशिश रहेगी। इसे रोकने हमें जनांदोलन करना होगा और सबको प्रयास करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed