CG : माओवादी संगठन के भीतर हलचल, सीनियर महिला कैडर के आत्मसमर्पण की चर्चा

माओवादी संगठन के भीतर हलचल, सीनियर महिला कैडर के आत्मसमर्पण की चर्चा
जगदलपुर। सुरक्षा बलों की लगातार दबाव वाली कार्रवाई के बीच माओवादी संगठन के भीतर एक बार फिर बड़ी बेचैनी के संकेत सामने आए हैं। ओडिशा से जुड़े माओवादी नेटवर्क में दरार की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी क्रम में एक सीनियर महिला माओवादी कैडर के संभावित आत्मसमर्पण की खबरों ने संगठन में हलचल मचा दी है।

सूत्रों के मुताबिक, ओडिशा में सक्रिय स्पेशल जोनल कमेटी स्तर की महिला माओवादी नीतू अपने कुछ साथियों के साथ जगदलपुर पहुंची है। बताया जा रहा है कि उसके साथ कुल चार माओवादी हैं, जिनमें एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। इन सभी पर कुल मिलाकर करीब 55 लाख रुपये का इनाम घोषित है। इनमें सबसे अहम नाम नीतू का बताया जा रहा है, जिस पर अकेले 40 लाख रुपये का इनाम है।

नीतू का संबंध माओवादी संगठन की केंद्रीय समिति से जुड़े गणेश उइके की टीम से रहा है। उल्लेखनीय है कि बीते महीने ही ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षा बलों ने गणेश उइके को मुठभेड़ में मार गिराया था, जिसके बाद संगठन के भीतर असंतोष और डर की स्थिति बनने की बात कही जा रही है।

सूत्र यह भी बता रहे हैं कि चारों माओवादी फिलहाल सीआरपीएफ के एक सुरक्षित कैंप में मौजूद हैं। इस बीच उनकी एक तस्वीर सामने आने की चर्चा भी हैं। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की ओर से अभी तक किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बस्तर में पहले भी कई बड़े कैडर के आत्मसमर्पण हो चुके हैं और अगर यह खबर सही साबित होती है, तो इसे माओवादी संगठन के लिए एक और बड़ा झटका माना जाएगा। फिलहाल निगाहें आधिकारिक बयान पर टिकी हैं, जो इस पूरे घटनाक्रम पर तस्वीर साफ कर सकता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *