गरियाबंद मुठभेड़ अपडेट : सुरक्षाबलों ने 3 करोड़ से अधिक के इनामी 10 नक्सलियों को किया ढेर, नक्सली लीडर बालाकृष्णन भी मारा गया, सभी के शव, AK-47 समेत हथियारों का जखीरा बरामद

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से नक्सली संगठनों को बड़ा झटका लगा है। गुरुवार को गरियाबंद जिले के मटाल पहाड़ों में हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 10 नक्सलियों को ढेर कर दिया। मारे गए माओवादी विभिन्न राज्यों में बड़े पदों पर सक्रिय थे और उन पर छत्तीसगढ़, ओडिशा व आंध्रप्रदेश सरकार ने करोड़ों रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। इस मुठभेड़ में सबसे बड़े इनामी नक्सली लीडर मनोज उर्फ मोडेम बालाकृष्णन उर्फ भास्कर उर्फ बालन्ना को भी जवानों ने मार गिराया है। मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबलों ने मारे गए नक्सलियों के शवों और जब्त हथियारों को दो हेलीकॉप्टर के जरिए गरियाबंद रक्षित केंद्र लाया है।

नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए इस बड़े अभियान में मिली सफलता के बारे में एडीजी एंटी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा ने कहा कि नए जगह पांव पसारने से पहले ही खात्मा कर दिया गया। ऑपरेशन अभी भी जारी है। वहीं अमरेश मिश्रा ने जवानों के हौसले की अफजाई करते हुए कहा कि जवानों ने इसी जगह पर कहा था शस्त्र पूजन से पहले रक्त पूजन करेंगे और उन्होंने कर दिखाया। एसपी निखिल राखेचा ने कहा कि 8 महीने पहले हमने आत्मसमर्पण की अपील की थी। अब भी कह रहे हैं कि मूल रास्ते से भटके लोग समर्पण नीति का लाभ लेते हुए मुख्यधारा से जुड़ सकते हैं।

मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त और घोषित करोड़ों का इनाम

इस मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त हो गई है। इनमें कई बड़े नाम शामिल हैं। नक्सलियों पर छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्रप्रदेश सरकार ने कुल 3 करोड़ 4 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

  • मुठभेड़ में मारे गए प्रमुख नक्सलियों में सबसे बड़ा नाम मनोज उर्फ मोडेम बालाकृष्णन उर्फ भास्कर उर्फ बालन्ना है, जो सेंट्रल कमेटी सदस्य था और उसके पास AK-47 था। वह जिला वारंगल (तेलंगाना) का निवासी था और उस पर छत्तीसगढ़ सरकार ने 1 करोड़, ओडिशा ने 25 लाख और आंध्रप्रदेश ने 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
  • प्रमोद उर्फ पांडू उर्फ चंद्रन्ना ओडिशा राज्य कमेटी का सदस्य था, उसके पास AK-47 था और वह जिला आर.आर. (आंध्रप्रदेश) का निवासी था। उस पर छत्तीसगढ़ ने 25 लाख, ओडिशा ने 20 लाख और आंध्रप्रदेश ने 20 लाख रुपये का इनाम रखा था।
  • विमल उर्फ मंगन्ना उर्फ सुरेश, तकनीकी टीम प्रभारी (DVCM), SLR के साथ आदिलाबाद (तेलंगाना) का निवासी था और उस पर छत्तीसगढ़ ने 8 लाख, ओडिशा व आंध्रप्रदेश ने 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
  • विक्रम उर्फ मंजु, ACM, 303 रायफल के साथ जिला सुकमा (छत्तीसगढ़) का निवासी था और उस पर छत्तीसगढ़ ने 5 लाख, ओडिशा व आंध्रप्रदेश ने 4-4 लाख रुपये का इनाम रखा था।
  • उमेश पिता सुकनू, SDK एसी डिप्टी कमांडर, SLR के साथ नारायणपुर (छत्तीसगढ़) का निवासी था और उस पर छत्तीसगढ़ ने 5 लाख, ओडिशा व आंध्रप्रदेश ने 4-4 लाख रुपये का इनाम घोषित किया।
  • रजीता पति डमरू, ACM, SLR के साथ कांकेर की निवासी थी और उस पर छत्तीसगढ़ ने 5 लाख, ओडिशा व आंध्रप्रदेश ने 4-4 लाख रुपये का इनाम रखा।
  • अंजली पति कृष्णा, तकनीकी टीम एसीएम, सिंगल शॉट के साथ सक्रिय थी, और उस पर छत्तीसगढ़ ने 5 लाख, ओडिशा व आंध्रप्रदेश ने 4-4 लाख रुपये का इनाम घोषित किया।
  • सिंधु, तकनीकी टीम एसीएम, इंसास के साथ, छत्तीसगढ़ ने 5 लाख और ओडिशा व आंध्रप्रदेश ने 4-4 लाख रुपये का इनाम घोषित किया।
  • आरती, पीएम-06 कंपनी की सदस्य, SLR के साथ और समीर, पीएम तकनीकी टीम (उषा का गार्ड), 12 बोर हथियार के साथ, दोनों पर छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्रप्रदेश सरकार ने 1-1 लाख रुपये का इनाम रखा था।

राज्यवार नक्सलियों पर घोषित इनाम

छत्तीसगढ़ शासन : 1 करोड़ 60 लाख रुपये

ओडिशा शासन : 72 लाख रुपये

आंध्रप्रदेश शासन : 72 लाख रुपये

बरामद हथियार

सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल से एके-47, एसएलआर, इंसास, 303 रायफल, 12 बोर गन और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *