फिर हड़ताल पर जा सकते हैं NHM कर्मचारी, मांगें पूरी नहीं होने से हैं आक्रोशित, प्रदेश स्तरीय बैठक में बनाएंगे रणनीति

फिर हड़ताल पर जा सकते हैं NHM कर्मचारी, मांगें पूरी नहीं होने से हैं आक्रोशित, प्रदेश स्तरीय बैठक में बनाएंगे रणनीति

रायपुर। मांगें पूरी नहीं होने से आक्रोशित एनएचएम कर्मचारी एक बार फिर हड़ताल पर जा सकते हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक 12 अप्रैल को आमापारा रायपुर में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं संघ के पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों की वर्तमान स्थिति, भविष्य की दिशा, गति एवं आगामी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

एनएचएम कर्मचारियों ने नियमितीकरण, ग्रेड पे, अनुकम्पा नियुक्ति, स्थानांतरण नीति, मेडिकल अवकाश सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर एक माह से अधिक समय तक हड़ताल की थी। सरकार से आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन स्थगित किया गया था। इस दौरान मांगों के निराकरण के लिए विभाग स्तर पर समिति का भी गठन किया गया था, नतीजा आज भी शून्य है, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश है।

ज्ञात हो कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत प्रदेश के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी स्वास्थ्य संस्थानों जैसे आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों सहित पैरामेडिकल स्टाफ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश स्तरीय इस बैठक में सभी जिलों से जिलाध्यक्ष एवं कर्मचारी प्रतिनिधि शामिल होंगे और लंबित मांगों को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

संघ के लिए यह बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। साथ ही कर्मचारियों ने यह भी उल्लेख किया है कि भाजपा के घोषणा पत्र में मोदी की गारंटी के अंतर्गत संविदा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का उल्लेख किया गया है, जिस पर भी बैठक में चर्चा की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *