नारायणपुर मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की हुई शिनाख्त: PLGA प्लाटून-1 कमांडर और 4 महिला समेत 6 शव बरामद, 48 लाख का था इनाम.

नारायणपुर मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की हुई शिनाख्त: PLGA प्लाटून-1 कमांडर और 4 महिला समेत 6 शव बरामद, 48 लाख का था इनाम

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। 17 और 18 जुलाई की दरमियानी रात को “माड़ बचाओ अभियान” के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन मानसून में DRG, STF और BSF की संयुक्त टीमों ने अबूझमाड़ के परिया-काकुर जंगल में भीषण मुठभेड़ के बाद 6 नक्सलियों को मार गिराया। अब सुरक्षा बलों ने मारे गए नक्सलियों की पहचान कर ली है।

PLGA प्लाटून-1 कमांडर राहुल पुनेम ढेर

बता दें कि मारे गए नक्सलियों में PLGA प्लाटून क्रमांक-01 का कमांडर राहुल पुनेम उर्फ लच्छू पुनेम भी शामिल है, जिसे नक्सलियों की डिविजनल कमेटी स्तर का नेता माना जाता था। यह मुठभेड़ छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की संयुक्त रणनीति का परिणाम है, जिसे नक्सलियों के खिलाफ एक बड़ी रणनीतिक सफलता माना जा रहा है।

नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 जुलाई को विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद DRG की टीम (नारायणपुर, कांकेर, बस्तर, कोंडागांव), STF, और BSF की 129वीं, 133वीं और 135वीं बटालियन को लेकर एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। 18 जुलाई की दोपहर से लगातार रुक-रुक कर मुठभेड़ चलती रही, जो देर रात तक चली। इसके बाद जंगलों में गहन सर्च ऑपरेशन किया गया, जिसमें 6 नक्सलियों के शव बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर मारे गए नक्सलियों की पहचान की गई है।

4 महिला माओवादी भी ढेर, कुल इनामी राशि ₹48 लाख

सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल से 6 नक्सलियों के शव बरामद किए, जिनमें 4 महिला नक्सली कैडर भी शामिल हैं। इन सभी पर कुल ₹48 लाख का इनाम घोषित था। मौके से AK-47, SLR, 12 बोर रायफल, BGL लॉन्चर, दर्जनों BGL सेल, भारी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली साहित्य बरामद किया गया है।

मारे गए नक्सलियों की पहचान

राहुल पुनेम उर्फ लच्छू पुनेम (38 वर्ष)

ग्राम: डल्ला, जिला सुकमा

पद: DVCM (डिविजनल कमेटी मेंबर), कमांडर PLGA प्लाटून क्रमांक-1

इनाम: ₹8 लाख

उंगी टाटी (24 वर्ष)

 

ग्राम: सुरपनागुड़ा, थाना जगरगुंडा, सुकमा

पद: PLGA प्लाटून सदस्य

इनाम: ₹8 लाख

मनीषा (25 वर्ष)

 

ग्राम: वाला, थाना सोनपुर, नारायणपुर

पद: PLGA प्लाटून सदस्य

इनाम: ₹8 लाख

टाटी मीना उर्फ सोमरी उर्फ छोटी (22 वर्ष)

ग्राम: टोडका, थाना गंगालूर, बीजापुर

पद: PLGA प्लाटून सदस्य

इनाम: ₹8 लाख

हरीश उर्फ कोसा (25 वर्ष)

ग्राम: कमलापुरम, थाना पामेड़, बीजापुर

पद: PLGA प्लाटून सदस्य

इनाम: ₹8 लाख

कुड़ाम बुधरी (21 वर्ष)

ग्राम: मालसकट्टा, थाना धनोरा, नारायणपुर

पद: PLGA प्लाटून सदस्य

इनाम: ₹8 लाख

बरामद हथियार और अन्य सामग्री

मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और नक्सल सामग्री बरामद की गई है, जिनमें शामिल हैं:

AK-47 राइफल – 1

SLR राइफल – 1

12 बोर राइफल – 1

BGL लॉन्चर – 11

BGL सेल – 83

विस्फोटक सामग्री, माओवादी साहित्य और दैनिक उपयोग की सामग्री

2025 में अब तक 204 नक्सली ढेर

गौरतलब है कि परिया-काकुर मुठभेड़ के साथ ही वर्ष 2025 में अब तक बस्तर क्षेत्र में कुल 204 नक्सली मारे जा चुके हैं। यह आंकड़ा बताता है कि सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे अभियान कितने प्रभावी साबित हो रहे हैं। आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पट्टलिंगम ने बताया कि “छत्तीसगढ़ पुलिस प्रतिबंधित CPI (Maoist) के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। मानसून जैसी विषम परिस्थिति में भी हमारी टीमों ने यह सफलता प्राप्त की है, जो इस बात का संकेत है कि बस्तर में अब स्थायी शांति और समृद्धि की नींव मजबूत हो रही है।”

एसपी नारायणपुर रॉबिनसन गुरिया ने कहा “बस्तर से नक्सलवाद को समाप्त करने के निर्णायक चरण में हम प्रवेश कर चुके हैं। जो लोग इसकी खोखली विचारधारा से भ्रमित हैं और विकास की राह में बाधा बन रहे हैं, उन्हें आत्मसमर्पण कर सम्मानपूर्वक जीवन अपनाना चाहिए। अन्यथा उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।”

पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा “पूरे बस्तर संभाग में प्रतिबंधित व अवैध माओवादी संगठन CPI (Maoist) के विरुद्ध एक सशक्त अभियान जारी है। वर्ष 2025 के शुरुआती छह महीनों में ही 204 माओवादी विभिन्न मुठभेड़ों में मारे गए हैं। बस्तर पुलिस इस अभियान की गति को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। मानसून जैसी विषम परिस्थिति में भी यह सफलता सुरक्षा बलों के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है कि बस्तर में स्थायी शांति, प्रगति और समृद्धि सुनिश्चित की जाएगी।”

डीआईजी कांकेर रेंज अमित तुकाराम कांबले और BSF डीआईजी पी.के. दुबे ने भी संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि लगातार दबाव से माओवादियों का आधार क्षेत्र दरक रहा है और अब अबूझमाड़ विकास की राह पर अग्रसर है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *