Asia Cup 2025 Final: ट्रॉफी कंट्रोवर्सी पर फंसे मोहसिन नकवी, मैच के बाद सूर्या ने लताड़ा, अब BCCI लेने जा रहा बड़ा एक्शन

 Asia Cup 2025 Final: भारत और पाकिस्तान के बीच 28 सितंबर को खेले गए एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 5 विकेट से मात दी और नौवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के बाद जो घटनाक्रम सामने आया, उसने पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया।

मैच जीतने के बावजूद भारतीय टीम को विजेता की ट्रॉफी और मेडल नहीं मिली, जिसकी वजह बनी एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) प्रमुख और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) चेयरमैन मोहसिन नकवी, जो पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं। भारतीय खिलाड़ियों ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इस दौरान नकवी कई मिनट तक इंतजार करते रहे, लेकिन कोई भारतीय खिलाड़ी ट्रॉफी लेने आगे नहीं आया। अंततः वे मेडल और ट्रॉफी लेकर होटल लौट गए।

हालांकि, टीम इंडिया के खिलाड़ियों पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ा और उन्होंने बिना ट्रॉफी के ही जीत का जमकर जश्न मनाया जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सूर्या ने रोहित का सेलिब्रेशन कॉपी किया

सूर्यकुमार ने ठीक उसी अंदाज में जीत का जश्न मनाया जैसा रोहित शर्मा ने 2024 में T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद किया था। सूर्या ने एशिया कप में हूबहू नकल करते हुए रोहित की कप्तानी में जीते गए वर्ल्ड कप की यादों को ताजा कर दिया। सूर्या के टीम इंडिया के साथ मिलकर बिना ट्रॉफी उठाए एशिया कप जीतने का सेलिब्रेशन अब सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है।

सूर्यकुमार यादव का बयान – “ऐसा कभी नहीं देखा”

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद कहा – “जबसे मैंने खेलना और देखना शुरू किया है, ऐसा कभी नहीं देखा कि विजेता टीम को ट्रॉफी ही न मिले। हमने पूरे टूर्नामेंट में सात मैच खेले और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया। यह खिताब हम मेहनत से जीते हैं और हमें यह ट्रॉफी मिलनी चाहिए थी। लेकिन अगर नहीं मिली, तो भी कोई बात नहीं। असली ट्रॉफी मेरे साथी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ हैं। यही यादें जिंदगीभर साथ रहेंगी।”

सोशल मीडिया पर सूर्यकुमार और तिलक वर्मा की एक AI-जनित तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें वे ट्रॉफी थामे नजर आ रहे हैं। इस पर सूर्या ने मजाकिया अंदाज में कहा – “आपने ट्रॉफी नहीं देखी? हमारे पास तो तस्वीरें हैं। अभिषेक और शुभमन पहले ही फोटो पोस्ट कर चुके हैं। यही हमारी जीत का सबूत है।”

BCCI का सख्त रुख: सचिव सैकिया बोले- ICC मीटिंग में दर्ज कराएंगे विरोध

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाया है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा – “भारत ऐसे व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकता जो हमारे देश के खिलाफ खुले तौर पर शत्रुता रखता हो। खिलाड़ियों का फैसला सही था, लेकिन नकवी का ट्रॉफी और मेडल लेकर चले जाना बेहद बचकाना और अप्रत्याशित है।” उन्होंने बताया कि नवंबर में होने वाली ICC मीटिंग में भारत इस मुद्दे पर आधिकारिक विरोध दर्ज कराएगा।

सैकिया ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का फैसला केंद्र सरकार की नीति के तहत लिया गया। भारत पिछले 12-15 वर्षों से पाकिस्तान के साथ कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेल रहा है। लेकिन बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों (एशिया कप, विश्व कप आदि) में भाग लेना जरूरी होता है, वरना अन्य खेलों में भी प्रतिबंध का खतरा मंडरा सकता है।

एशिया कप में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन

टीम इंडिया ने एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को तीनों मुकाबलों में हराकर उसका पूरी तरह सफाया कर दिया। भारत ने टूर्नामेंट में बिना कोई मैच गंवाए 9वीं बार खिताब अपने नाम किया।

लीग मैच: भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया।

सुपर-4 मैच: पाकिस्तान को 6 विकेट से धूल चटाई।

फाइनल: पाकिस्तान 146 रन पर ढेर, भारत ने लक्ष्य 5 विकेट खोकर हासिल किया।

फाइनल में भारत को शुरुआती झटके जरूर लगे, लेकिन तिलक वर्मा की नाबाद 69 रन की पारी और शिवम दुबे के ताबड़तोड़ खेल ने टीम को जीत दिलाई। इस तरह भारत ने एक ही टूर्नामेंट में पहली बार पाकिस्तान को 3-0 से मात दी और साबित किया कि एशिया ही नहीं, दुनिया में भी उसकी बादशाहत कायम है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *