IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के आगामी सीजन के शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीसीसीआई ने टूर्नामेंट की नई शुरुआत की तारीख 28 मार्च तय की है। इससे पहले आईपीएल के अगले सीजन के 26 मार्च से शुरू होने की घोषणा की गई थी।

रिपोर्ट में बताया गया कि आईपीएल की फ्रेंचाइजी को 15 दिसंबर को सूचित किया गया था कि टूर्नामेंट 26 मार्च से शुरू होगा, लेकिन अब शेड्यूल को दो दिन आगे बढ़ाया जा सकता है। जबकि, खिताबी मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा।
बीसीसीआई के इस बदलाव के पीछे असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों की तारीखों का अभी तक घोषित न होना है। कोलकाता और चेन्नई क्रमशः कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के होम ग्राउंड हैं, जबकि असम की राजधानी गुवाहाटी राजस्थान रॉयल्स (RR) का दूसरा होम मैदान है। इस कारण शेड्यूल में देरी हुई।
2008 में आईपीएल की शुरुआत के बाद से, जब देश में आम चुनाव या किसी राज्य में विधानसभा चुनाव हुए, तो शेड्यूल अक्सर दो भागों में जारी किया गया। इस बार भी ऐसा हो सकता है। फिलहाल बीसीसीआई की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। माना जा रहा है कि अगले हफ्ते आईपीएल गवर्निंग काउंसिल बैठक कर शेड्यूल को अंतिम रूप दे सकती है।