IND vs WI T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 स्टेज के अंतिम मुकाबले में भारत और वेस्टइंडीज़ की टीमें आमने-सामने हैं। कोलकाता के इडेन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया, जिसके बाद वेस्टइंडीज़ ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए हैं। अब भारत को सेमीफाइनल में प्रवेश करने के लिए 196 रन लक्ष्य हासिल करना होगा।
बता दें कि वेस्टइंडीज़ के लिए इस मुकाबले में रोस्टन चेस ने सबसे ज्यादा 40 रन की पारी खेली। उनके अलावा जेसन होल्डर ने नाबाद 37, रोवमैन पॉवेल ने 34, कप्तान शाई हॉप ने 32, शिमरॉन हेटमायर ने 27 और शेरफेन रदरफोर्ड ने 17 रन का योगदान दिया। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज खास प्रदर्शन नहीं कर सका।
भारत के लिए गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके। उनके अलावा वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या को 1-1 सफलता मिली।
भारत और वेस्टइंडीज ने दो-दो बार अपने नाम किया है टी20 वर्ल्ड कप का खिताब
गौरतलब है कि भारत और वेस्टइंडीज की टीमें ऐसी हैं, जिन्होंने अब दो-दो बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। आज के मुकाबले के बाद इनमें से केवल एक टीम ही आगे बढ़ पाएगी, यानी किसी एक टीम के पास तीसरी बार विश्व कप जीतने का मौका रहेगा। जो टीम आज का मैच जीतेगी, उसके लिए अब केवल दो और जीत की जरूरत होगी ताकि वह इस साल का खिताब अपने नाम कर सके। हालांकि, यह आसान काम नहीं है। अब तक साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुँच चुकी हैं। आज के मैच के साथ ही चौथी टीम का नाम भी तय हो जाएगा और फिर शुरू होगा सेमीफाइनल और फाइनल का रोमांच।
क्या है सेमीफाइनल में पहुंचने का गणित?

सुपर 8 में ग्रुप ए की अंक तालिका पर नजर डालें तो टीम इंडिया फिलहाल 2 अंकों और -0.100 के नेट रन रेट के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं, वेस्टइंडीज के भी 2 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट (+1.791) के कारण वह दूसरे पायदान पर बनी हुई है। मौजूदा समीकरण के अनुसार दोनों टीमों के लिए स्थिति लगभग समान है, क्योंकि अंक बराबर हैं। ऐसे में जो भी टीम यह मुकाबला जीतेगी, वह सीधे सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लेगी।
भारत और वेस्टइंडीज दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत की प्लेइंग 11
संजू सैमसन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
वेस्टइंडीज की प्लेइंग 11
शाई होप (कप्तान/विकेट कीपर), रोस्टन चेस, शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, गुडाकेश मोटी, शमर जोसेफ