IND vs SA T20 World Cup 2026: सुपर-8 में डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम का आज पहला इम्तिहान, पिछले साल की रनर-अप साउथ अफ्रीका से होगी भिड़ंत,

IND vs SA T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की मेजबानी में आयोजित टी20 विश्वकप अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। ग्रुप के बाद अब सुपर-8 स्टेज की शुरुआत हो चुकी है। शनिवार को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मैच बारिश के चलते रद्द कर दिया गया और दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतुष्ट होना पड़ा। अब आज सुपर-8 स्टेज में दो मुकाबले खेले जाएंगे। दिन के पहले मुकाबले में श्रीलंका और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे। जबकि दूसरे मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम और पिछले साल की रनर-अप साउथ अफ्रीका की भिड़ंत होगी।

बता दें कि भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में अजेय रहीं, लेकिन अब असली चुनौती नॉकआउट जैसी परिस्थितियों में खुद को साबित करने की है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच भी जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी, जो मैच का नतीजा तय कर सकती है। मुकाबले से पहले आइए पिच रिपोर्ट, टी20I में दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 और लाइव प्रसारण की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

अभिषेक का फॉर्म चिंता का विषय, कप्तान ने जताया भरोसा

टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का मौजूदा प्रदर्शन सवालों के घेरे में है। टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक खेले गए तीन मुकाबलों में वह अपना खाता भी नहीं खोल सके हैं, जिससे उनकी फॉर्म को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हालांकि टीम मैनेजमेंट और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उन पर पूरा भरोसा जताया है। शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने साफ तौर पर अभिषेक का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें खिलाड़ी की क्षमता पर पूरा विश्वास है।

कप्तान ने कहा, “मुझे उन लोगों की चिंता है जो अभिषेक शर्मा को लेकर चिंतित हैं। मुझे ज्यादा फिक्र उन टीमों की है, जिन्हें आगे जाकर उसका सामना करना पड़ेगा। उसने पिछले साल टीम के लिए सब कुछ किया था, अब हमारी बारी है कि हम उसका साथ दें।” सूर्यकुमार के इस बयान से साफ है कि टीम प्रबंधन युवा बल्लेबाज के साथ मजबूती से खड़ा है और उन्हें जल्द ही बड़ी पारी खेलने की उम्मीद है।

इन खिलाड़ियों पर रहेंगी सभी की नजरें

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम के लिए ईशान किशन और वरुण चक्रवर्ती शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। ईशान किशन ने 4 मैचों में 176 रन बनाए हैं, जिसमें 77 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। उन्होंने टीम को मजबूत शुरुआत देने में अहम भूमिका निभाई है। वहीं स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने गेंदबाजी में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 4 मुकाबलों में 9 विकेट अपने नाम किए हैं। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और विविधता विपक्षी बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन रही है।

दूसरी ओर साउथ अफ्रीका की बात करें तो कप्तान ऐडन मार्करम बेहतरीन लय में दिखाई दिए हैं। उन्होंने 4 मैचों में 178 रन बनाए हैं, जिसमें नाबाद 86 रन उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी रही है। गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी ने भी अहम योगदान दिया है। उन्होंने 3 मैचों में 8 विकेट लेकर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

भारत बनाम साउथ अफ्रीका: हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?

टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में टीम इंडिया ने अपना पहला मुकाबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही खेला था। यह मैच 1 दिसंबर 2006 को आयोजित हुआ था, जिसमें भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी।

इसके बाद से दोनों टीमों के बीच इस फॉर्मेट में अब तक कुल 35 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें भारत ने 21 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि साउथ अफ्रीका को 13 मैचों में सफलता मिली है। एक मुकाबला बेनतीजा रहा।

वहीं टी-20 वर्ल्ड कप की बात करें तो भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें 7 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इन मुकाबलों में भारत ने 5 मैच जीते हैं, जबकि साउथ अफ्रीका को 2 मैचों में जीत मिली है। आंकड़ों के आधार पर देखें तो हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में टीम इंडिया का पलड़ा भारी नजर आता है।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में यह मुकाबला काली मिट्टी की पिच पर खेला जाएगा। आमतौर पर यहां शाम के मैचों में बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं, लेकिन काली मिट्टी की सतह होने के कारण पिच थोड़ी धीमी रह सकती है। ऐसे में बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं होगा और स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलने की संभावना है।

हालांकि परिस्थितियों को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है। इस मैदान पर अब तक 12 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें 8 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम सिर्फ 4 बार सफल हो सकी है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 190 से 195 रन के बीच रहा है।

यहां शानदार रहा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय टीम का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। टीम इंडिया ने यहां अब तक कुल 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें से 7 में जीत दर्ज की है और सिर्फ 2 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है।

दिलचस्प बात यह है कि भारत को यहां आखिरी बार साल 2021 में टी20 इंटरनेशनल मैच में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद से टीम इंडिया ने यहां 5 मुकाबले खेले हैं और सभी में जीत हासिल की है। इन सभी मैचों में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ही मुकाबला अपने नाम किया है।

अहमदाबाद में मौसम का हाल

मौसम की बात करें तो मुकाबले के दौरान बारिश की संभावना लगभग नहीं के बराबर है। ऐसे में दर्शकों को पूरा मैच देखने का मौका मिल सकता है। तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जिससे खिलाड़ियों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

भारत और साउथ अफ्रीका दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11

भारत की संभावित प्लेइंग 11:

ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।

साउथ अफ्रीका की संभावित प्लेइंग 11:

ऐडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी।

कहां देखें लाइव मैच?

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच इस मुकाबले का लाइव प्रसारण Star Sports नेटवर्क पर किया जाएगा। इसके अलावा लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar पर उपलब्ध रहेगी। फ्री में मैच देखने के इच्छुक दर्शक DD Sports चैनल पर इसका सीधा प्रसारण देख सकते हैं, बशर्ते उनके पास फ्री डिश कनेक्शन हो।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *