IND vs PAK T20 World Cup 2026: पाकिस्तान को रौंदकर सुपर-8 में पहुंचा भारत! एकतरफा मुकाबले में 61 रन से दी करारी शिकस्त, गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन

IND vs PAK T20 World Cup 2026: पाकिस्तान को रौंदकर सुपर-8 में पहुंचा भारत! एकतरफा मुकाबले में 61 रन से दी करारी शिकस्त, गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन

IND vs PAK T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 55वें मैच में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया है। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस हाईवोल्टेज मैच में भारत ने ईशान किशन की अर्धशतकीय पारी की मदद से 7 विकेट पर 175 रन बनाए थे। जवाब में 176 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी पाकिस्तानी टीम 17वें ओवर की अंतिम गेंद पर 114 रन पर ढेर हो गई। इस तरह भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना शानदार रिकॉर्ड बरकरार रखते हुए जीत हासिल की।

ईशान किशन ने तूफानी पारी खेलकर टीम को हाई स्कोर तक पहुंचाया

बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के इस हाईवोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई, लेकिन ईशान किशन ने तूफानी पारी खेलकर टीम को संभाल लिया। पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए, लेकिन तिलक वर्मा और ईशान किशन ने दूसरी विकेट के लिए 87 रनों की शानदार साझेदारी कर पारी को मजबूती दी।

ईशान किशन ने महज 40 गेंदों में 77 रन की धुआंधार पारी खेली, जिससे टीम इंडिया 175 रन तक पहुँचने में कामयाब रही। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 और शिवम दुबे ने 27 रन जोड़े। पाकिस्तान के लिए सैम अयूब ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।

 

अर्धशतक तक नहीं पहुँच पाया पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज

176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने पहले ही ओवर में साहिबजादा फरहान का विकेट खो दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए सैम अयूब ने 6, सलमान आगा ने 4 और बाबर आजम ने 5 रन ही बनाए। टीम जल्दी ही 13 रन पर 3 विकेट खोकर दबाव में आ गई। बाबर आजम के आउट होने के बाद पांचवें विकेट तक टीम ने सिर्फ 34 रन जोड़े। उस्मान खान और शादाब खान ने 39 रन की साझेदारी की, जिसमें उस्मान ने 34 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि शादाब ने 15 गेंदों में 14 रन का योगदान दिया। इसके अलावा पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुँच पाया।

 

 

भारत के लिए गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट झटके, इनके अलावा कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को 1-1 सफलता मिली।

 

टी20 WC में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ बनाया सबसे बड़ा स्कोर

गौरतलब है कि पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप के इतिहास में 175/7 रन का यह स्कोर भारत का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2022 में भारत ने 160/6 और पाकिस्तान ने 159/8 का स्कोर बनाया था। वहीं 2007 में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 157/5 रन बनाए थे।

पाकिस्तान के खिलाफ रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत

भारतीय टीम की तरफ से इस मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही मामलों में पाकिस्तान के मुकाबले काफी आगे नजर आई, वहीं ये टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया की अभी तक पाकिस्तान के खिलाफ रनों के अंतर से भी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम इंडिया ने साल 2012 में पाकिस्तानी टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच में 11 रनों से जीत हासिल की थी जो सबसे बड़ी थी।

 

भारत ने लगाई जीत की हैट्रिक, सुपर-8 में जगह पक्की

गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान दोनों टीमें एक ही ग्रुप-ए में हैं। पाकिस्तान के खिलाफ इस जीत के साथ भारत ने सुपर-8 में जगह कन्फर्म कर ली है। मौजूदा समय में भारत 3 में से 3 मैच जीतकर 6 अंक के साथ पॉइंट टेबल पर शीर्ष पर है। वहीं पाकिस्तान 2 जीत और 1 हार के साथ 4 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है।

अब पाकिस्तान की नजर 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ मैच जीतकर सुपर-8 में जगह कन्फर्म करने पर होगी। जबकि यूएसए ने अपने चारों मुकाबले खेल लिए हैं और मौजूदा समय में 2 जीत और 2 हार के बाद 4 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल पर तीसरे, नीदरलैंड्स 3 मैचों में 1 जीत और 2 हार के बाद 2 पॉइंट्स के साथ चौथे और नामीबिया 3 मैचों में 3 हार के बाद 0 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल पर चौथे स्थान पर काबिज है। इन टीमों की सुपर-8 में पहुंचने की संभावना लगभग न के बराबर है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *