IND vs NZ 2nd T20I: दूसरे टी20 से पहले रायपुर पहुंची भारत और न्यूज़ीलैंड की टीम, फेवरेट खिलाड़ियों की एक झलक पाने एयरपोर्ट के बाहर उमड़ी फैंस की भीड़

IND vs NZ 2nd T20I: भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 जनवरी को छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर पूरे प्रदेश में जबरदस्त क्रिकेट माहौल बना हुआ है। इसी बीच भारत और न्यूज़ीलैंड की टीमें गुरुवार को रायपुर पहुंच चुकी है, जहां खिलाड़ियों के साथ मुख्य कोच और दो बार के विश्व कप विजेता गौतम गंभीर भी मौजूद रहे।

टीम इंडिया के रायपुर पहुंचने से पहले ही स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के बाहर प्रशंसकों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए। एयरपोर्ट से निकलकर दोनों टीमें प्रस्तावित होटलों के लिए रवाना हो गई है। खिलाड़ियों के आगमन ने शहर में क्रिकेट उत्सव का माहौल बना दिया है। शहर में पोस्टरों के माध्यम से भारतीय टीम और मुख्य कोच गौतम गंभीर का हार्दिक स्वागत किया गया है, साथ ही पूरी भारतीय टीम को T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं।

टीमों के ठहराव की पूरी तैयारी

मैच से पहले दोनों टीमों की यात्रा, ठहराव और अभ्यास से जुड़ी पूरी योजना तैयार कर ली गई है। छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (CSCS) के अनुसार, भारतीय टीम शहर के प्रतिष्ठित कोर्टयार्ड होटल में ठहरी है, जबकि न्यूज़ीलैंड टीम के होटल मायरा में ठहरने की व्यवस्था की गई है।

मैच के दिन यानी 23 जनवरी की सुबह दोनों टीमें स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस कर सकती हैं। इसके लिए पिच और आउटफील्ड को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। सुरक्षा कारणों से होटल से स्टेडियम तक खिलाड़ियों की आवाजाही विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत होगी।

होटल किरायों में भारी उछाल

अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का असर होटल उद्योग पर साफ दिखाई दे रहा है। सामान्य दिनों में करीब ₹13 हजार प्रतिदिन में मिलने वाला कोर्टयार्ड होटल, 22 और 23 जनवरी के लिए ₹30 हजार से अधिक किराया वसूल रहा है। इसी तरह होटल मायरा में भी इन तारीखों के लिए कमरों का किराया ₹30 हजार तक पहुंच गया है। इसके अलावा रायपुर के अन्य बड़े और मध्यम होटलों में भी ₹5 से ₹10 हजार तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

आम यात्रियों की जेब पर असर

स्टार खिलाड़ियों को करीब से देखने की चाह में कई प्रशंसक उन्हीं होटलों में रुकना पसंद करते हैं, जहां टीमें ठहरी होती हैं। इससे मांग बढ़ने के साथ-साथ किरायों में तेज उछाल आया है। अंतरराष्ट्रीय मैच होटल कारोबार के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है, लेकिन आम यात्रियों के लिए होटल बुक करना महंगा सौदा बन गया है।

खाने-पीने के तय रेट, ओवररेटिंग पर सख्त निगरानी

दर्शकों की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्टेडियम के भीतर मिलने वाली सभी खाने-पीने की वस्तुओं के दाम पहले से निर्धारित कर दिए गए हैं। आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित रेट से अधिक कीमत वसूलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

स्टेडियम में उपलब्ध खाद्य पदार्थों के निर्धारित रेट इस प्रकार हैं—

  • समोसा (100 ग्राम) – ₹50
  • सैंडविच (1 पीस) – ₹60
  • बर्गर – ₹80
  • पिज़्ज़ा हट पिज़्ज़ा – ₹250
  • पॉपकॉर्न (कोन) – ₹60
  • पॉपकॉर्न (टब) – ₹100
  • स्टीम वेज मोमो – ₹150
  • चिकन मोमो – ₹200
  • फ्राई मोमो (वेज) – ₹200
  • चिकन फ्राई मोमो – ₹250
  • वेफर्स और आइसक्रीम – एमआरपी रेट पर
  • 250 एमएल पानी की बोतल – ₹10

पारदर्शिता बनाए रखने के लिए फूड स्टॉल कर्मचारियों की टी-शर्ट पर रेट अंकित किए जाएंगे और स्टेडियम परिसर में मेन्यू बोर्ड भी लगाए जाएंगे, ताकि दर्शकों को किसी तरह की असुविधा न हो।चारियों की टी-शर्ट पर रेट लिखे जाएंगे और पूरे स्टेडियम में मेन्यू बोर्ड लगाए जाएंगे।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

मैच को लेकर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम को पहले ही बीसीसीआई को हैंडओवर कर दिया गया है और आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं बोर्ड के मानकों के अनुसार की जा रही हैं। स्टेडियम में 350 से अधिक प्राइवेट बाउंसर्स, 45 से ज्यादा CSCS अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। सभी 13 गेटों पर तिहरी सुरक्षा (पुलिस, प्राइवेट गार्ड और संघ कर्मचारी) रहेगी। बाउंड्री लाइन पर अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा। इसके अलावा नया रायपुर क्षेत्र में सैकड़ों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

सभी टिकट बिके, फिजिकल टिकट अनिवार्य

भारत–न्यूज़ीलैंड मुकाबले को लेकर दर्शकों का उत्साह इस कदर रहा कि मैच के सभी टिकट पहले ही सोल्ड आउट हो चुके हैं। टिकटों की बिक्री टिकटजिनी वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए की गई थी। टिकटों की कीमत ₹800 से ₹25,000 तक रखी गई थी।
विद्यार्थियों के लिए ₹800 में विशेष टिकट उपलब्ध कराए गए थे, जिसके लिए वैध स्टूडेंट आईडी अनिवार्य थी। एक यूज़र को अधिकतम चार टिकट खरीदने की अनुमति दी गई थी। संघ ने साफ कर दिया है कि फिजिकल टिकट के बिना एंट्री नहीं मिलेगी और मैच के दिन टिकट रिडीम करने की कोई सुविधा नहीं होगी।

पहली पारी के बाद नो एंट्री

CSCS के अनुसार, मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा और दर्शकों के लिए गेट दोपहर 4 बजे खोल दिए जाएंगे। पहली पारी समाप्त होने के बाद स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

प्रतिबंधित वस्तुओं की लंबी सूची

सुरक्षा कारणों से स्टेडियम में बोतल, टिन, कैन, लाइटर, सिगरेट, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट, ज्वलनशील या खतरनाक पदार्थ, मेटल कंटेनर, छतरी, धारदार वस्तुएं, कैमरा, हेलमेट, पावर बैंक, सेल्फी स्टिक, बैकपैक, सिक्के, पटाखे और किसी भी प्रकार के हथियार पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। बाहर से कोई भोजन या मादक पेय ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने दिए निर्देश

मैच को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने CSCS के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, फायर सेफ्टी, मेडिकल सुविधा और सीसीटीवी निगरानी को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से दर्शकों तक नियमों की जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया है।

कुल मिलाकर, भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच यह टी20 मुकाबला न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच से भरपूर होगा, बल्कि रायपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक ऐतिहासिक और यादगार आयोजन के रूप में भी देखा जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *