
रिटर्निंग ऑफिसर डॉ के लक्ष्मण ने कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है. नियम के मुताबिक, यह प्रक्रिया तब शुरू की गई जब देश के 36 में से 30 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव संपन्न हो गया, जो कि जरूरी 50 फीसदी के आंकड़े से कहीं अधिक है. 16 जनवरी 2026 को इस चुनाव के लिए आधिकारिक सूचना जारी की गई थी.
नितिन नबीन के लिए 37 नामांकन पत्र दाखिल किए गए
सोमवार को दोपहर 2 से 4 बजे के बीच नामांकन पत्र दाखिल किए गए. अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन के समर्थन में नामांकन के कुल 37 सेट जमा किए गए. सभी नामांकन पत्रों की बारीकी से जांच की गई और वे पूरी तरह सही पाए गए. नामांकन वापस लेने का समय बीतने के बाद, चुनाव अधिकारी ने आधिकारिक घोषणा की कि अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नाम नितिन नबीन का सामने आया है.