BreakingChhattisgarhWEATHER

CG News : दिन में गर्मी का कहर, रात में मेहरबान हुआ मौसम , राजधानी में हुई बारिश, लोगों ने ली राहत की सांस

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को भी भीषण गर्मी का असर बना रहा। दिनभर तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस ने लोगों को परेशान किया। हालांकि देर रात राजधानी रायपुर में अचानक मौसम ने करवट ली और आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

रायपुर में हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण दुर्ग, धमतरी और आसपास के इलाकों में मौसम सुहावना हो गया। लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई है।

सुबह जारी मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी का दौर जारी था। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव दर्ज नहीं किया गया था और लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी व उमस का सामना करना पड़ रहा था।

राजनांदगांव रहा सबसे गर्म जिला

भारत मौसम विज्ञान विभाग के रायपुर मौसम केंद्र के अनुसार, सोमवार शाम 5:30 बजे तक प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। इसके बाद बिलासपुर में 42.6 डिग्री, रायपुर में 42 डिग्री, बेमेतरा और कबीरधाम में 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

4 दिनों में छत्तीसगढ़ पहुंच सकता है मानसून

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 7 जून को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है। इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियों अनुकूल हैं। अगले तीन से चार दिनों में मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के शेष भागों के साथ छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भी प्रवेश कर सकता है। वहीं 12 जून के बाद बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button