IND vs AUS 1st ODI: पर्थ वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 7 विकेट से हराया, सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त

IND vs AUS 1st ODI: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारत को 7 विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा। पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग कर रही भारतीय पारी में बारिश ने 4 बार खलल डाला। ऐसे में ओवर्स में कटौती की गई और इंडिया ने डकवर्थ-लुईस नियम से निर्धारित 26 ओवर में 9 विकेट खोकर 136 रन बनाए। इसी नियम से ऑस्ट्रेलिया को 131 रन का टारगेट मिला। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान मिशेल मार्श पारी की मदद से 3 विकेट खोकर 21.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

Shubman Gill, Mitchell Marsh Pose With ...

बता दें कि यह मैच दोनों टीमों के लिए खास था। टीम इंडिया ने इस मैदान पर अपना पहला वनडे खेला, जबकि ऑस्ट्रेलिया को यहां कभी जीत नहीं मिली थी। टीम इंडिया में रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी हुई, वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम कई सीनियर खिलाड़ियों के बिना उतरी। टीम इंडिया के दोनों दिग्गज बल्लेबाज फेल रहे, जबकि ऑस्ट्रेलियाई डेब्यूटेंट मैथ्यू रेनशॉ और मिचेल ओवन ने अपना योगदान दिया। परिणामस्वरूप, इस मैदान पर पिछली तीनों हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम को आखिरकार पहली जीत मिली।

ऐसी रही भारत की पारी

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारत की बल्लेबाजी खराब रही और उसने पावरप्ले में ही रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल के विकेट गंवाए। रोहित और कोहली 223 दिनों बाद भारत के लिए खेलने उतरे थे, लेकिन दोनों ही बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सके। इसके बाद श्रेयस अय्यर भी 11 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर और राहुल ने साझेदारी कर भारतीय पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन बार-बार आ रही बारिश ने उनकी लय गड़बड़ा दी।

चौथी बार जब खेल शुरू हुआ तो ओवर में भारी कटौती हुई और मैच 26 ओवर कराने का फैसला किया गया। राहुल ने फिर तेजी से खेलना शुरू किया जिससे भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचा। हालांकि, बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में राहुल अपना विकेट गंवा बैठे। वहीं, भारतीय टीम भी ताश के पत्तों की तरह बिखरती रही। अंतिम ओवर में नीतीश ने कुछ अच्छे शॉट खेले जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। अपना डेब्यू मैच खेल रहे नीतीश रेड्डी 11 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 19 रन बनाकर नाबाद लौटे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैथ्यू कुहनेमैन, मिचेल ओवन और जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मिचेल स्टार्क और नाथन एलिस को एक-एक सफलता मिली।

ऑस्ट्रेलिया की पारी

लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्श ने अच्छी बल्लेबाजी की और वह अंत तक टिके रहे। मार्श हालांकि, अर्धशतक पूरा नहीं कर सके और 52 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 46 रन बनाकर नाबाद रहे। मार्श के अलावा जोश फिलिप ने 37 रन बनाए, जबकि मैट रेनशॉ 21 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड ने आठ और मैथ्यू शॉर्ट ने आठ रन बनाए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर को एक-एक विकेट मिला।

भारत और ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग 11

भारत

रोहित शर्मा, शुबमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह

ऑस्ट्रेलिया

ट्रैविस हेड, मिशेल मार्श (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, जोश फिलिप (विकेट कीपर), मैट रेनशॉ, कूपर कोनोली, मिशेल ओवेन, मिशेल स्टार्क, नाथन एलिस, मैथ्यू कुहनेमैन, जोश हेज़लवुड

ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त

बता दें कि इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 अक्टूबर को एडिलेड में खेला जाएगा।

भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे का पूरा शेड्यूल

सीरीज मैच संख्या तारीख स्थान
वनडे सीरीज (3 मैच) पहला वनडे 19 अक्टूबर 2025 पर्थ
दूसरा वनडे 23 अक्टूबर 2025 एडिलेड
तीसरा वनडे 25 अक्टूबर 2025 सिडनी
टी20 सीरीज (5 मैच) पहला टी20 29 अक्टूबर 2025 कैनबरा
दूसरा टी20 31 अक्टूबर 2025 मेलबर्न
तीसरा टी20 2 नवंबर 2025 होबार्ट
चौथा टी20 6 नवंबर 2025 गोल्ड कोस्ट
पांचवां टी20 8 नवंबर 2025 ब्रिस्बेन

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *