November 26, 2026

शराब घोटाला मामला: 1200 करोड़ रुपये हवाला से दुबई भेजने के आरोपी सुब्बू पर शिकंजा, प्रत्यर्पण के लिए IG अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में दुबई पहुंची ACB-EOW की टीम

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 3200 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में फरार चल रहे विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को भारत लाने के लिए ACB-EOW की विशेष टीम दुबई पहुंच गई है। IG अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में गई टीम में DSP राहुल शर्मा और रोशन आहूजा समेत तीन DSP शामिल हैं। टीम वहां प्रत्यर्पण से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। जांच एजेंसी की कोशिश है कि 28 नवंबर तक सुब्बू को भारत लाकर रायपुर में पूछताछ शुरू की जा सके।

इस मामले में सबसे अहम बात यह है कि जांच एजेंसी अब तक विदेश में छिपे आरोपी को पकड़ने के लिए खुद विदेश गई है। छत्तीसगढ़ की किसी राज्य स्तरीय जांच एजेंसी की ओर से इस तरह की यह पहली कार्रवाई बताई जा रही है।

सुब्बू को दुबई से लाने के लिए EOW ने प्रत्यर्पण से जुड़े कानूनी दस्तावेज पहले ही तैयार कर लिए थे। इन्हें अरबी और अंग्रेजी भाषा में अनुवाद कराने के बाद दुबई भेजा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई पुलिस ने इसी महीने इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर उसे हिरासत में लिया था। उसके खिलाफ EOW की विशेष अदालत से गिरफ्तारी वारंट भी जारी है।

शराब दुकानों में पार्ट-B का पूरा नेटवर्क संभालता था सुब्बू

जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल शराब सिंडिकेट में केवल पैसों का हिसाब रखने तक सीमित नहीं था, बल्कि शराब दुकानों में अवैध शराब की बिक्री का नेटवर्क भी संभालता था। घोटाले में शराब कारोबार को पार्ट-A, पार्ट-B और पार्ट-C में बांटा गया था। इनमें पार्ट-B के तहत प्रदेश की सरकारी शराब दुकानों में अवैध शराब बेचने की जिम्मेदारी सुब्बू के पास होने का आरोप है।

जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, डुप्लीकेट होलोग्राम लगी शराब की पेटियां फैक्ट्रियों से सीधे सरकारी दुकानों तक पहुंचाई जाती थीं। इनकी बिक्री के लिए दुकानों में अलग गल्ले रखे जाते थे। इस तरह सरकारी शराब कारोबार के समानांतर अवैध शराब की बिक्री का पूरा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। एजेंसियों को उम्मीद है कि सुब्बू से पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े लोगों, शराब की सप्लाई और वसूली की रकम के बारे में जानकारी मिल सकती है।

अनवर ढेबर के संपर्क में आने के बाद बढ़ा कारोबार

विकास अग्रवाल पहले सराफा कारोबार से जुड़ा था। इसके बाद वह होटल कारोबारी अनवर ढेबर के संपर्क में आया और धीरे-धीरे शराब सिंडिकेट का अहम सदस्य बन गया। रायपुर के कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया से जुड़ी मैनपावर सप्लाई कंपनी सुमित फैसिलिटीज का काम भी उसने संभाला था।

जांच एजेंसियों का आरोप है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शराब कारोबार से जुड़े सिंडिकेट में उसकी भूमिका बढ़ती गई। डिस्टिलरी संचालकों और FL-10A लाइसेंसधारकों से कमीशन के नाम पर होने वाली वसूली का हिसाब रखने में भी वह शामिल था। शराब कारोबार के अलग-अलग हिस्सों से मिलने वाली अवैध कमाई का प्रबंधन उसके जिम्मे होने की बात जांच में सामने आई है।

1200 करोड़ रुपए हवाला से दुबई भेजने का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक, शराब सिंडिकेट से हुई कथित अवैध कमाई का बड़ा हिस्सा हवाला के जरिए विदेश भेजा गया। आरोप है कि विकास अग्रवाल ने करीब 1200 करोड़ रुपए हवाला नेटवर्क के माध्यम से दुबई पहुंचाए थे। बताया जाता है कि वह जुलाई 2022 में मुंबई के रास्ते भारत से विदेश चला गया था। बाद में उसने अपने परिवार को भी UAE बुला लिया था।

एजेंसियों को आशंका है कि विदेश में भेजी गई रकम के लेन-देन और उसके अंतिम लाभार्थियों की जानकारी सुब्बू से मिल सकती है। भारत आने के बाद उससे पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि हवाला के जरिए भेजी गई रकम किन लोगों तक पहुंची और विदेश में इसका इस्तेमाल कहां किया गया।

नकदी छिपाने के लिए रायपुर में खरीदे थे दो फ्लैट

जांच में रायपुर के शंकरनगर स्थित पाम बेलाजियो सोसायटी में दो फ्लैट खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई थी। एजेंसियों का आरोप है कि इन फ्लैटों का इस्तेमाल शराब घोटाले से मिली नकदी छिपाने के लिए किया जाता था। कथित तौर पर वसूली की रकम बोरियों और कार्टून में भरकर रखी जाती थी।

तीन मई को बिलासपुर में विकास के भाई विवेक अग्रवाल के घर ED ने तलाशी ली थी। इस दौरान बड़ी मात्रा में सोना, चांदी और नकदी मिलने की जानकारी सामने आई थी। जांच एजेंसियों को संदेह है कि बरामद संपत्ति का संबंध शराब सिंडिकेट से हुई कथित अवैध कमाई से हो सकता है।

विदेश में छिपे आरोपियों पर तीसरी बड़ी कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों में विदेश में छिपे आरोपियों के खिलाफ यह एक और बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले महादेव सट्टा एप मामले में प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और रवि उप्पल को भारत लाने की प्रक्रिया को लेकर जांच एजेंसियां कार्रवाई कर चुकी हैं।

सुब्बू को भारत लाने के बाद शराब घोटाले की जांच में कई नए पहलू सामने आने की उम्मीद है। खासकर अवैध शराब की बिक्री, कमीशन वसूली, हवाला के जरिए विदेश भेजी गई रकम और सिंडिकेट के अंतिम लाभार्थियों को लेकर उससे पूछताछ की जाएगी।

कई बड़े आरोपी जमानत पर बाहर

शराब घोटाले की जांच में अब तक कई राजनीतिक और प्रशासनिक चेहरों के नाम सामने आ चुके हैं। इनमें तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा, पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया, पूर्व IAS अनिल टुटेजा, निरंजन दास, एपी त्रिपाठी, अनवर ढेबर, चैतन्य बघेल और रामगोपाल अग्रवाल सहित अन्य लोग शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, केके श्रीवास्तव को छोड़कर मामले के अन्य प्रमुख आरोपी जमानत पर बाहर हैं।

सुब्बू की वापसी के बाद जांच एजेंसियों के सामने अब शराब सिंडिकेट के आर्थिक नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और कथित अवैध कमाई के अंतिम लाभार्थियों की पहचान करने की चुनौती होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed