BreakingChhattisgarhWEATHER

CG Weather : रविवार को भी बारिश से राहत नहीं, रायपुर सहित इन जिलों में बरसेंगे बादल

CG Weather : रायपुर। बस्तर के ऊपर बने मौसम सिस्टम और सक्रिय मानसून द्रोणिका के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार को रुक-रुककर बारिश हुई। आज भी मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है, तो चलिए जानते हैं कि आपके जिले में आज का मौसम कैसा रहेगा ?

आज और कल कैसा रहेगा मौसम ?

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं। हालांकि सक्रिय मानसूनी सिस्टम अब आगे बढ़ रहा है, जिसके चलते सोमवार के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

इन क्षेत्रों में दिखा सिस्टम का असर

सितंबर के 12 दिन बीत चुके हैं और इस दौरान प्रदेश में दो मौसम सिस्टम बने हैं। इनके प्रभाव से अब तक राज्य में करीब 84 मिमी और रायपुर जिले में 97.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वर्तमान सिस्टम का सबसे ज्यादा असर बस्तर क्षेत्र में देखने को मिला है, लेकिन रायपुर और दुर्ग संभाग भी इससे प्रभावित हुए हैं।

शनिवार को रात में बारिश के बाद सुबह कुछ समय के लिए आसमान साफ रहा। इसके बाद अचानक घने बादल छा गए और कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश शुरू हो गई। शाम तक बादल इतने घने हो गए कि दिन में ही रात जैसा नजारा देखने को मिला।

पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश हुई ?

पिछले 24 घंटे में कोंडागांव के धनोरा में 140 मिमी, बस्तर में 100 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं माकड़ी, भानपुरी, अंबागढ़ चौकी और छुरा में 80-80 मिमी बारिश हुई। फरसगांव, मोहला, बालोद, चारामा, बस्तानार और गादीरास समेत कई क्षेत्रों में करीब 70-70 मिमी बारिश दर्ज की गई। रायपुर में शाम साढ़े पांच बजे तक करीब 2 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मानसूनी गतिविधियों में कमी आने की संभावना

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सितंबर के आगामी दिनों में मानसूनी गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आ सकती है। हालांकि मानसून द्रोणिका सामान्य स्थिति में होने के कारण बारिश का दौर पूरी तरह थमने के आसार फिलहाल नहीं हैं। पिछले साल सितंबर में रायपुर जिले में 284 मिमी बारिश हुई थी और इस बार भी बारिश का आंकड़ा इसके आसपास पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button