CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने दो दिवसीय दिल्ली दौरे के बाद आज रायपुर लौटेंगे। उनके आगमन को लेकर माना एयरपोर्ट पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
वहीं मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भाई-बहन के अटूट स्नेह, विश्वास और आत्मीयता के पावन पर्व रक्षाबंधन की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बहनों के मान-सम्मान और सुरक्षा तथा भाइयों के सुदीर्घ एवं सुखमय जीवन की मंगलकामना का यह पर्व परिवारों में स्नेह, समाज में विश्वास और जीवन में खुशियों का संचार करे, यही कामना है।
रक्षाबंधन त्योहार को लेकर पुलिस अलर्ट
राजधानी में आज रक्षाबंधन का त्योहार उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। त्योहार को लेकर शहर के बाजारों और प्रमुख इलाकों में लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। इसे देखते हुए रायपुर पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
रक्षाबंधन के मौके पर बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस जवान लगातार गश्त कर रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।