बंगाल-असम-तमिलनाडु समेत 5 राज्यों में चुनाव की तारीखों का ऐलान आज, शाम 4 बजे चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस

बंगाल-असम-तमिलनाडु समेत 5 राज्यों में चुनाव की तारीखों का ऐलान आज, शाम 4 बजे चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस

Election Commission Press Conference: असम-केरल-तमिलनाडु-पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी (Assam-Kerala-Tamil Nadu-West Bengal and Puducherry) में होने वाले विधानसभा चुनाव (assembly elections) की तारीखों का आज ऐलान होगा। चुनाव आयोग (ECI) आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा करेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar), चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहेंगे।

चुनाव आयोग इस बार कम चरणों में मतदान प्रक्रिया पूरी करने पर विचार कर रहा है। जैसे ही तारीखों का ऐलान होगा, इन सभी राज्यों में ‘आदर्श चुनाव आचार संहिता’ (Model Code of Conduct) तुरंत प्रभाव से लागू हो जाएगी।

दरअसल, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने हाल ही में अपनी टीम के साथ सभी पांच चुनावी राज्यों का दौरा पूरा कर लिया है। इस दौरान उन्होंने पांचों राज्यों में चुनाव तैयारियों का जायजा लिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग की टीम ने प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक कर चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी। इस दौरान आयोग ने राज्य के सभी पहलुओं पर चर्चा की और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विस्तार से बात की।

पश्चिम बंगाल सुरक्षा के लिहाज से ज्यादा संवेदनशील

बता दें कि साल 2021 के चुनावों की तुलना में इस बार मतदान के चरणों की संख्या कम रहने की संभावना है। पिछली बार पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में मतदान हुआ था। हालांकि इस बार इसे कम करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों (Central Forces) की तैनाती में भारी बढ़ोतरी की जाएगी। विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में निष्पक्ष और हिंसा मुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में अंतिम मतदाता सूची के खिलाफ अपील करने की अवधि समाप्त हो चुकी है। चुनाव आयोग ने अपनी तैयारियों की समीक्षा पूरी कर ली है और अब केवल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। इन राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून 2026 के बीच समाप्त हो रहा है, जिसे देखते हुए अप्रैल-मई में मतदान संपन्न होने की पूरी उम्मीद है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *