October 23, 2026

रायपुर एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स कैंसिल : विजिबिलिटी कम होने के कारण लैंडिंग में हो रही दिक्कत, यात्री हुए परेशान

0
image-38-3

रायपुर। बिजली गिरने से राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के ATC (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) में सिग्नल देने वाले तकनीकी उपकरण खराब हो गए हैं, जिसके चलते विमान सेवा ठप है. विजिबिलिटी कम होने के कारण आज सुबह की कई फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई है. वहीं कल 5 फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया था. इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा.

तकनीकी उपकरणों के मरम्मत का काम जारी है. रायपुर एयरपोर्ट पर सुबह 10 बजे से विमानों का संचालन सामान्य होने की संभावना है. जानकारी के मुताबिक, विजिबिलिटी क्लियर होने के बाद विमान रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड कर सकेंगे. विमानों के टेक ऑफ में कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन फाइनल कॉल पायलट का रहेगा. सीएम विष्णुदेव साय भी आज जगदलपुर जाने वाले हैं, लेकिन इस पर भी फैसला 10 बजे के बाद ही होगा.

बताया जा रहा कि विजिबिलिटी कम होने के कारण लैंडिंग में दिक्कत हो रही है. आज सुबह की 6 फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है. कल 5 फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया था. रायपुर से इंदौर जाने वाले यात्रियों का कहना है कि विजिबिलिटी क्लियर नहीं होने के चलते कुछ फ्लाइट को रद्द किया गया है. हम लोग इंदौर जाने वाले थे, लेकिन फ्लाइट कैंसिल होने से परेशानी हो रही. अब सबसे पहले भोपाल जाना पड़ेगा, क्योंकि यहां से डायरेक्ट फ्लाइट अब इंदौर नहीं जा रही है. भोपाल से डेढ़ सौ किलोमीटर का बायरोड सफर करके इंदौर जाना पड़ेगा.

इन फ्लाइट्स को कल किया गया था डायवर्ट

बता दें कि रायपुर एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी के चलते मंगलवार को हैदराबाद से रायपुर आने वाली फ्लाइट और कोलकाता से रायपुर आने वाली फ्लाइट को भुवनेश्वर भेजा गया था. वहीं दिल्ली से रायपुर आने वाली फ्लाइट को भोपाल डायवर्ट किया गया था. मुंबई से रायपुर की फ्लाइट को नागपुर भेजा गया था. इसके अलावा पुणे से रायपुर आ रही फ्लाइट को भी डायवर्ट किया गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed