Weather Update: हल्की बारिश और धूप के असर से बढ़ी गर्मी

Weather Update: हल्की बारिश और धूप के असर से बढ़ी गर्मी

Chhattisgarh Weather Update: रायपुर. वर्षा की गतिविधि में एक बार फिर से वृद्धि हो रही है. प्रदेश के अनेक स्थानों पर दो दिनों से हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. राजधानी सहित क्षेत्र में दो दिनों से हल्की बौछार पड़ रही है, हल्की बारिश और धूप का असर होने से उमस बहुत ज्यादा है. विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. पश्चिम-मध्य और इससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से अगले एक सप्ताह तक कुछ जगहों पर भारी वर्षा की संभावना है. दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है.

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में रहा. पिछले 24 घंटों में, छत्तीसगढ़ के सभी संभागों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई. बस्तर और बिलासपुर संभागों के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार इस समय एक निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम मध्य और उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा दक्षिणी ओड़िशा के तटों से लगे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बना हुआ है.

 

मानसून द्रोणिका औसत समुद्र तल पर भटिंडा, वाराणसी, डाल्टनगंज, झारसुगुड़ा से होकर पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तटों पर स्थित निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र तक जा रही है. पूर्वरी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है जो समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है.

 

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *