रायपुर प्रेस क्लब की इंटर प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ, संपादकों और पूर्व पदाधिकारियों के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला, डिप्टी सीएम साव भी मैदान में उतरे

रायपुर प्रेस क्लब की इंटर प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ, संपादकों और पूर्व पदाधिकारियों के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला, डिप्टी सीएम साव भी मैदान में उतरे

 रायपुर। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आज रायपुर के नेताजी सुभाष स्टेडियम में रायपुर प्रेस क्लब द्वारा स्वर्गीय कुलदीप निगम की स्मृति में आयोजित खेल मड़ई के अंतर्गत इंटर प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन किया। रायपुर प्रेस क्लब के इस आयोजन का उद्देश्य पत्रकार साथियों को व्यस्त दिनचर्या से कुछ समय निकालकर खेलों से जोड़ना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

प्रतियोगिता में पत्रकार जगत की विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। उद्घाटन अवसर पर पहला मैच संपादकों और प्रेस क्लब के पूर्व पदाधिकारियों की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर मुकाबले को रोमांचक और यादगार बना दिया।

संपादक इलेवन के कप्तान रामावतार तिवारी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का निर्णय लिया। संपादक इलेवन की ओर से मनोज सिंह बघेल और अभिषेक शुक्ल ने पारी की अच्छी शुरुआत की। मध्यम क्रम में अंशुमान शर्मा ने अच्छी बल्लेबाज़ी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। संपादक इलेवन ने दस ओवर में 71 रन बनाकर पारी समाप्त की।

इसके जवाब में उतरी प्रेस क्लब के पूर्व पदाधिकारियों की टीम की शुरुआत बेहद ख़राब रही और टीम के कप्तान अनिल पुसदकर पहली गेंद पर बिना खाता खोले हिट विकेट आउट हो गए। इसके बाद लड़खड़ाती टीम को सुशील अग्रवाल और राजेश मिश्रा ने संभाला। टीम एक समय जीत की स्थिति में पहुंच गई थी, लेकिन आख़िरी में बल्लेबाज़ों के कमज़ोर प्रदर्शन के चलते यह टीम 10 ओवर में 70 रन ही बना सकी। इस तरह इस रोमांचक मुक़ाबले में संपादक इलेवन ने एक रन से जीत हासिल की।

अंतिम ओवर बेहद दिलचस्प और कांटे की टक्कर का रहा। अंतिम ओवर में शानदार प्रदर्शन करते हुए संपादक इलेवन टीम ने कप्तान रामावतार तिवारी के नेतृत्व में जीत दर्ज की। पूर्व पदाधिकारी इलेवन टीम की कप्तानी पूर्व अध्यक्ष अनिल पुसदकर ने की।

उद्घाटन के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव स्वयं मैदान में उतरे और बल्ला थामकर क्रिकेट खेलते नजर आए। डिप्टी सीएम का यह अंदाज देखकर आयोजन का उत्साह और भी बढ़ गया।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब द्वारा खेल मड़ई का आयोजन एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल है। खेलों का हमारे जीवन में बड़ा महत्व है और अच्छे स्वास्थ्य के लिए नियमित रूप से खेलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पत्रकार साथियों की व्यस्त दिनचर्या के बावजूद खेलों के प्रति उनका उत्साह काबिले-तारीफ है। उपमुख्यमंत्री ने रायपुर प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारियों, आयोजकों और प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, सहसचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े, खेल आयोजन समिति के संयोजक विजय मिश्रा समेत बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *